बरेली: इज्जतनगर रेल कारखाना ने तैयार किए हाई स्पीड एनएमजी कोच
कारखाना को मिला था 40 न्यू मॉडिफाई गुड्स कोच बनाने का लक्ष्य
बरेली, अमृत विचार। पूर्वोत्तर रेलवे को 100 हाई स्पीड न्यू मॉडिफाइड गुड्स (एनएमजी) कोच तैयार करने काम रेलवे बोर्ड से मिला था। जिसमें से 40 कोच इज्जतनगर रेल मंडल यांत्रिक कारखाना को तैयार करने थे। अब रेल कारखाना ने निर्धारित समय में हाई स्पीड एनएमजी कोच तैयार कर लिए हैं। यह कोच ऑटोमोबाइल कैरियर के रूप में गुड्स ट्रेनों के अंदर लगेंगे। पुराने आईसीएफ कोचों को एनएमजी कोचों में तब्दील किया गया है। इनकी रफ्तार पहले मुकाबले अधिक होगी।
इज्जतनगर मंडल के जनसंपर्क अधिकारी राजेंद्र सिंह ने बताया कि नवनिर्मित हाई स्पीड एनएमजी यान मुख्य रूप से दो और चार पहिया वाहनों की ढुलाई को ध्यान में रखकर तैयार किए गए हैं। इनकी अधिकतम गति 110 किलोमीटर प्रति घंटा है। जिससे यह यान अपेक्षाकृत कम समय में ऑटो मोबाइल यूनिटों का परिवहन करने में सक्षम है।
यांत्रिक कारखाना, इज्जतनगर द्वारा निर्मित किया गये यह यान अधिक आकर्षक और नई तकनीक से लैस हैं। इस नए ऑटो मोबाइल कैरियर में प्लेटफार्म लोडिंग के लिए रैंप एसेंबली के साथ चार अलग स्लाइडिंग डोर लगाए गए हैं। इसमें बेहतर डिजाइन के साथ बैरल लॉक लगाई गयी है। ऑटोमोबाइल यूनिटों की बेहतर सुरक्षा के लिए लैसिंग प्वाइंट लगे हैं। यान के अन्दर प्राकृतिक रोशनी के लिए नेचुरल पाइप लाइट की व्यवस्था है। इन यानों से पूर्वोत्तर रेलवे पर ऑटोमोबाइल ढुलाई क्षमता बढ़ेगी।
ये भी पढ़ें- बरेली: यूपी बोर्ड परीक्षा के अंकपत्र में गड़बड़ियां, 350 शिकायतें पहुंचीं
