UP Nikay Chunav 2023 : Kanpur में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक गरजे, बोले- सपा का नारा था कि खाली प्लाट हमारा है
कानपुर में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने निकाय चुनाव के लिए ताबड़तोड़ किए कार्यक्रम।
कानपुर में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने निकाय चुनाव के लिए ताबड़तोड़ किए कार्यक्रम। पूर्व छात्र संघ पदाधिकारी, नवमतदाता और प्रबुद्ध सम्मेलन में अलग-अलग जगह हिस्सा लिया। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि सपा का नारा था कि खाली प्लाट हमारा है।
कानपुर, अमृत विचार। निकाय चुनाव के दूसरे चरण के मतदान को लेकर भाजपा का प्रचार अभियान तेज हो गया है। गुरुवार को सूबे के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक शहर आकर ताबड़तोड़ तीन कार्यक्रम में शामिल हुए। पूर्व छात्र संघ पदाधिकारी, नवमतदाता और प्रबुद्ध सम्मेलन में वह जमकर विरोधियों पर बरसे।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार में तो नारा था कि खाली प्लॉट हमारा है। लेकिन आज अपराधी, गुंडे, माफिया सब थरथर कांप रहे हैं। प्रबुद्ध सम्मेलन में बोले कि प्रमिला पांडेय सर्व सुलभ हैं। गली-गली में पहुंच जाती हैं। आपको विपक्षियों के बहकावे में आकर अपना वोट खराब नहीं करना है। पहले से अधिक अंतर के साथ अपनी चाची, हमारी बहन, अम्माजी को जिताना है।
सिविल लाइंस मर्चेंट चैंबर हॉल में आयोजित प्रबुद्ध जनों को संबोधित करते हुए ब्रजेश पाठक ने कहा कि आप सभी एक बड़े वर्ग को प्रभावित करते हैं। आप जो कहते हैं वह लोग मानते हैं। मैं आपसे केवल यही निवेदन करने आया हूं कि आप मेरिट के आधार पर वोट दें, और वोट देने की लोगों से अपील करें। हमारी प्रत्याशी जनता की नेता हैं। उन्होंने पहले भी जमीन से जुड़कर लोगों के लिए काम किया और कानपुर का विकास किया है और बाकी प्रत्याशी से तुलना करके अगर आप देखेंगे तो आपको स्वयं यह लगेगा कि हमें इन को दोबारा मेयर बनाना चाहिए।
दिल्ली से कानपुर आएंगी योजनाएं
उन्होंने कहा कि केंद्र से जो योजनाएं मोदी जी भेजेंगे वह दिल्ली से होकर लखनऊ आएंगी और लखनऊ से उनको कानपुर आना है। उन योजनाओं का सही से क्रियान्वयन तभी होगा जब नगर निगम में भी हमारी सरकार होगी। छोटे-छोटे मुद्दों पर हमारी मुस्लिम बहनों और बेटियों को ट्रिपल तलाक के माध्यम से उनका शोषण किया जाता था। आज हमारी सरकार ने ट्रिपल तलाक कानून बनाकर उस अत्याचार को खत्म किया है। इसदौरान मेयर प्रत्याशी प्रमिला पांडेय, सुनील बजाज, अनिल मिश्रा, डॉ विवेक द्विवेदी, मनीषा बाजपेई, सुरेंद्र सोमानी, अरुण पाठक, सुरेश अवस्थी, लखन ओमर, रवींद्र पाटनी, मोहित पांडेय आदि रहे।
