मुख्यमंत्री बनने की होड़ में लगे हैं ब्रजेश पाठक : नरेश

Amrit Vichar Network
Published By Virendra Pandey
On

 मुख्यमंत्री पर लगाया सामाजिक समरसता भंग करने का आरोप

कहा 2024 में 80 की 80 सीटें जीतेगी सपा

बाराबंकी, अमृत विचार । समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने गुरुवार को यहां कहा कि उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक मुख्यमंत्री बनने की होड़ में लगे हैं। इसलिए वह अपने विभाग की बात करने की जगह गृह विभाग की बात कर रहे हैं। दूसरे उपमुख्यमंत्री तो लगाकर चंदन जय रघुनंदन बोल रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री पर समाज में विषवमन का आरोप लगाया।

सपा के प्रदेश अध्यक्ष दशहरा बाग स्थित मैरिज लान में समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार शीला सिंह के समर्थन में आयोजित एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने दावा किया जितना जन समर्थन सपा के पक्ष में इस बार दिखाई दे रहा है पहले कभी नहीं रहा। यह स्थिति ही भाजपा की घबराहट का कारण बनी हुई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सपा को कभी जातिवादी कभी आतंकवादी कभी तमंचे वाली पार्टी कहते हैं। मुख्यमंत्री की अलोकप्रिय, अलोकतांत्रिक और अमर्यादित भाषा की वजह से ही उत्तर प्रदेश में अखिलेश यादव की लोकप्रियता बढ़ रही है। कहा कि अपने 42 साल के राजनीतिक जीवन में ऐसा मुख्यमंत्री कभी नहीं देखा जो भगवा चोला पहनकर झूठ बोलता है। अपने ऊपर दर्ज मुकदमे खुद वापस ले लिए। मुख्यमंत्री के विषवमन से सामाजिक समरसता तार-तार हो रही है। सपा प्रदेश अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री द्वारा सपा को जातिवादी कहने के आरोप का करारा जवाब देते हुए उन्होंने विभिन्न नगर निगम और नगर पालिकाओं में सपा द्वारा उतारे गए उम्मीदवारों के नाम गिना दिए। कहा सपा सभी जाति धर्म के लोगों को साथ लेकर चलने वाली पार्टी है। उन्होंने मुख्यमंत्री को अपना ज्ञान वर्धन करने की सलाह दे डाली और कहा कि उनकी वजह से ही सपा प्रदेश में मजबूत हुई है और 2024 के चुनाव में वह प्रदेश की सभी 80 लोकसभा सीटों पर जीत हासिल करेगी।

सपा प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक की निगाह गृह विभाग पर लगी हुई है। जो मुख्यमंत्री के पास है। दोनों के बीच इस बात की होड़ है कि निकाय चुनाव के बाद कौन मुख्यमंत्री रहेगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री किस ट्रिपल इंजन की सरकार की बात कर रहे हैं जिसका डीजल उन्होंने ₹67 से बढ़ाकर ₹97 कर दिया। महिलाओं के गैस के दाम दोगुने से अधिक कर दिए, नौजवानों का रोजगार छीन लिया।

सपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि शीला सिंह का चुनाव जीतना तय है वह चुनाव जीतेंगे तो अगले 10 साल में भाजपा के चेयरमैन ने जो कुछ किया हुआ उसका हिसाब लेंगे चुनाव रोमांचक है। चुनाव में सबसे चर्चित नेता अखिलेश यादव है। उन्होंने शीला सिंह के साथ-साथ सभी नगर पंचायतों और वादों में भी सपा उम्मीदवारों को जिताने की अपील की। इस अवसर पर पूर्व मंत्री संग्राम सिंह वर्मा अपनी पुत्री पिंकी वर्मा के साथ मौजूद रहे। सभा को पूर्व सांसद रामसागर रावत, पार्टी के राष्ट्रीय सचिव अरविंद सिंह गोप, पूर्व मंत्री राकेश वर्मा, विधायक फरीद महफूज किदवई, पूर्व विधायक सरवर अली, राम गोपाल रावत, पूर्व जिला अध्यक्ष कुलदीप सिंह, विधायक सुरेश यादव, पूर्व एमएलसी राजेश यादव,अरविंद यादव, ब्लाक प्रमुख रेनू वर्मा, पूर्व ब्लाक प्रमुख सुरेंद्र सिंह वर्मा, पार्टी उम्मीदवार पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष शीला सिंह वर्मा, जिला अध्यक्ष हाफिज अयाज, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष हफीज भारती, वीरेंद्र प्रधान, दानिश आदि ने संबोधित किया।

यह भी पढ़ें : लखनऊ : डीआरएम को पत्र लिखकर सांसद मेनका गांधी ने मांगा एक करोड़ हर्जाना

संबंधित समाचार