Pilibhit: प्रदेश अध्यक्ष बोले- भाजपा को मिलेगी जीत, तभी विकास की धनराशि का होगा सही इस्तेमाल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

भाजपा प्रत्याशियों को जिताने के लिए भाजपा संगठन ने झोंकी ताकत, एक मंच पर आए दिग्गज

पीलीभीत, अमृत विचार। निकाय चुनाव में कमल खिलाने के लिए सत्ताधारी भाजपा ने पूरी ताकत झोंक दी है। संगठन के तमाम दिग्गज एक मंच पर आए। पीलीभीत नगर पालिका परिषद अध्यक्ष पद प्रत्याशी डा. आस्था अग्रवाल और नगर पंचायत नौगवां पकड़िया अध्यक्ष पद की प्रत्याशी संदीप कौर के समर्थन में वोट मांगे। शहर को चमकाने के लिए भाजपा की ट्रिपल इंजन सरकार बनाने की अपील की गई।

शहर के विशाल टॉकीज में हुए कार्यकर्ता सम्मेलन में मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि भाजपा के संकल्प पत्र में जनता की मूलभूत सुविधाएं बिजली, पानी सड़क आदि सभी पर काम हुआ है। भ्रष्टाचार और अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम चल रहा है।

कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में बिजली भी भेदभावपूर्ण तरीके से दी जाती थी। मगर, भाजपा की सरकार आने के बाद बिजली का भेदभाव पूर्ण वितरण बंद हो गया। नगर निकाय में ऐसी सरकार चुने जब विकास और सुरक्षा पर साथ काम हो सके।

उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश में भाजपा की सरकार है। मगर, निकाय में जब अलग मानसिकता का प्रत्याशी काबिज हो जाता है तो ऊपर से भेजा जाने वाले बजट का भ्रष्टाचार होता है। अपील करते हुए कहा कि सभासद, अध्यक्ष पद पर भाजपा के प्रत्याशी को जिताकर लाएंगे तभी सरकार का भेजा जाने वाले बजट का सही इस्तेमाल हो सकेगा।

सभासद की भूमिका भी बेहद अहम है। जब भाजपा का सभासद जीतकर पहुंचेंगा और अध्यक्ष भी उसी का होगा तभी बोर्ड बैठक में एजेंडा पास होकर विकास कार्य होगा। कहा कि आप भाजपा के प्रत्याशियों को जिताएं, वह शहर को आदर्श बनाएंगे और उनकी मदद करने का काम हम सब मिलकर करेंगे। समस्त वार्डों में उतारे गए प्रत्याशियों के नाम भी मंच से बोले और जिताने की अपील की।

बोले- इस चुनाव में किसी की बातों में नहीं आना है, शहर को संवारना है।  सभा के बाद उन्होंने वार्डवार जिम्मेदारी संभाल रहे कार्यकर्ताओं से भी अलग से बात की और उन्हें टिप्स दिए। इस मौके पर राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख, राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार, विधायक बीसलपुर विवेक वर्मा, विधायक पूरनपुर बाबूराम पासवान, विधायक बरखेड़ा स्वामी प्रवक्तानंद आदि मौजूद रहे। इससे पहले प्रत्याशी डा. आस्था अग्रवाल और संदीप कौर ने भी जनता को संबोधित किया।

यह भी पढ़ें- Pilibhit: डिप्टी सीएम बोले- भाजपा ने बनाया उत्तर प्रदेश को दंगा मुक्त प्रदेश

संबंधित समाचार