Pilibhit: डिप्टी सीएम बोले- भाजपा ने बनाया उत्तर प्रदेश को दंगा मुक्त प्रदेश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पूरनपुर पहुंचकर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में की जनसभा

पीलीभीत, अमृत विचार। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश को भयमुक्त, गुंडा मुक्त प्रदेश बनाया है। पूर्व की सरकार में अपराध चरम सीमा पर होते थे। अपराधी बेलगाम थे। लोगों की जमीनों पर कब्जा किया जाता था। गरीब असहाय लोगों को सताया जाता था। मां बहन बेटियों सुरक्षित नहीं थी। खुलेआम उनके साथ घटनाएं होती थी। लेकिन अब प्रदेश भयमुक्त है।

शुक्रवार को सूबे के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक पूरनपुर पहुंचे। उनका हेलीकॉप्टर नगर के सिरसा रोड स्थित हरी बाबू के प्लॉट पर उतरा। इसके बाद उनका काफिला रामलीला मैदान पर पहुंचा। यहां उन्होंने पूरनपुर नगर पालिका भाजपा प्रत्याशी शैलेंद्र गुप्ता के समर्थन में विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा सरकार में खुलेआम दंगा हुआ करते थे। लेकिन भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश को भयमुक्त बनाने का काम किया है। 

अब गुंडे सीधे गले में तख्ती लटकाकर स्वयं जेल भेजने की बात कह रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र में नरेंद्र मोदी और प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा लगातार विकास कार्यों तेजी के साथ किया जा रहा है। उन्होंने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कर्नाटक में कांग्रेस पार्टी के द्वारा बजरंगबली पर की गई टिप्पणी की निंदा की। कहा कि भगवान श्रीराम हमारे आराध्य और पूजनीय हैं। 

भाजपा सरकार ने पांच साल के अंदर अयोध्या का भव्य मंदिर तैयार कर दिया जो आज पूरी दुनिया में जाना जाता है। उन्होंने प्रदेश व केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की भी जानकारी जनसभा में मौजूद लोगों को दी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार लगातार जरूरतमंदों को फ्री राशन दे रही है। स्वास्थ्य बीमा, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री आवास योजना, जल थल योजना, हर घर नल योजना, बीमार पड़ने पर फ्री में इलाज, जन धन योजना के तहत फ्री खाते खुले अन्य कई योजनाओं के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने सभी 75 जिलों में मेडिकल कॉलेज की सौगात दी है। 

हर घर में सरकार की योजना का लाभ पहुंचने की बात कही है। कहा कि पूरनपुर में गुंडागर्दी नहीं चलेगी। अवैध कब्जों को कब्जा मुक्त कराया जाएगा। इसके लिए उन्होंने कहा कि आगामी 11 मई को पूरनपुर से भाजपा प्रत्याशी शैलेंद्र गुप्ता को भारी मतों से विजयी बनाएं। भाजपा प्रत्याशी की जीत से ही संपूर्ण विकास होगा। राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख, भाजपा विधायक बाबूराम पासवान ने भी जनसभा को संबोधित कर भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में वोट देने की अपील की। 

इस दौरान पूर्व मंत्री डा. विनोद तिवारी, प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष सिंह, प्रदेश महामंत्री डीपी भारती, पूर्व विधायक प्रमोद प्रधान, जिला पंचायत अध्यक्ष पति गुरुभाग सिंह, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि आशुतोष दीक्षित, जिला उपाध्यक्ष प्रफुल्ल मिश्रा, तेज बहादुर सिंह तेजू, अनुराग अग्निहोत्री, हर्ष गुप्ता सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व विभिन्न संगठनों के लोग मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- पीलीभीत: भाजपा की नीति से घबराकर साइकिल पर ही सवार होंगे हेमराज

संबंधित समाचार