पीलीभीत: भाजपा की नीति से घबराकर साइकिल पर ही सवार होंगे हेमराज
पूर्व मंत्री हेमराज वर्मा ने दो दिन पहले ग्रहण की है सत्ताधारी भाजपा
फोटो- पूर्व मंत्री हेमराज वर्मा।
पीलीभीत, अमृत विचार। समाजवादी पार्टी के पूर्व मंत्री हेमराज वर्मा के साइकिल की सवारी छोड़ भाजपा में शामिल होने को लेकर एक और बयान सामने आया है। सपा जिलाध्यक्ष जगदेव सिंह जग्गा ने जहां उन्हें सत्तालोभी करार दिया था। वहीं, पूर्व जिला महासचिव यूसुफ कादरी ने तो यह भी दावा कर दिया है कि हेमराज भाजपा की नीतियों से घबराकर सपा में ही वापसी करेंगे।
बता दें कि सपा के दिग्गज नेता हाजी रियाज अहमद के निधन के बाद जनपद में पूर्व मंत्री हेमराज वर्मा वरिष्ठ नेताओं में शुमार थे। वह तीन चार बार विधायकी, एक बार सांसद पद का चुनाव लड़े और एक बार जीत दर्ज की। सपा सरकार में खाद्य एवं रसद राज्यमंत्री भी बनाए गए।
पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव से उनकी करीबियां भी आम हो चुकी थी। दो दिन पहले उन्होंने सपा छोड़ लखनऊ में भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली थी। निकाय चुनाव के बीच इस निर्णय से सियासत गरमा गई थी। सपा जिलाध्यक्ष ने इसे लेकर पूर्व मंत्री पर तंज कसे थे।
अब सपा के पूर्व जिला महासचिव एवं लोकसभा पीलीभीत क्षेत्र के सह प्रभारी यूसुफ कादरी ने भी तल्ख वार किए। कहा कि हेमराज वर्मा की विचारधारा भाजपा से मेल नहीं खाती है। वह समाजवादी विचारधारा के नेता हैं। वो भाजपा की नीतियों से घबराकर वापस आएंगे। उनके सपा से जाने के बाद सपा में बरखेड़ा में बहुत विकल्प हैं। समाजवादी पार्टी के पास लोधी किसान बिरादरी के नेताओं की कमी नहीं है।
यह भी पढ़ें- पीलीभीत: युवा को उद्योग स्थापित करने के लिए मिलेंगे 25 लाख
