पीलीभीत: युवा को उद्योग स्थापित करने के लिए मिलेंगे 25 लाख
अधिक जानकारी के लिए 9869863015 नंबर पर कर सकते हैं कॉल
पीलीभीत, अमृत विचार। युवाओं को उद्यमी बनाने के लिए सरकार कई तरह की योजनाएं चला रही है। इसी तरह एक योजना है मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना संचालित की जा रही है। इसके अंतर्गत 18 से 40 वर्ष तक के युवाओं को अपना उद्यम स्थापित करने के लिए 25 लाख रुपये तक ऋण मुहैया कराया जाएगा।
उपायुक्त उद्योग जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केंद्र आत्मदेव शर्मा ने बताया कि हाईस्कूल पास युवा स्वरोजगार के लिए उद्योग और सेवा क्षेत्र की इकाई स्थापित करने के इच्छुक हैं, वे युवा मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के अंतर्गत योजना की वेबसाइट पर योजना का चयन करते हुए स्वयं को पंजीकृत कर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि आवेदक को आवेदन करते समय आयु प्रमाणपत्र, फोटो, हस्ताक्षर, शैक्षिक योग्यता संबंधी प्रमाण पत्र (हाईस्कूल या समकक्ष), निवास प्रमाणपत्र, जाति प्रमाण पत्र, प्रोजेक्ट रिपोर्ट व नोटरी द्वारा प्रमाणित घोषणा पत्र की प्रति अपलोड करनी होगी। बताया कि योजना के अंतर्गत उद्योग ( उत्पादन ) मद में 25 लाख रुपये और सेवा क्षेत्र में 10 लाख रुपये तक का ऋण दिए जाने का प्रावधान है। आवाहन किया कि युवा आगे बढ़े एवं न केवल रोजगार की खोज करे अपितु रोजगार का सृजन करते हुए दूसरों को भी रोजगार देने वाले बनें। इस योजना के अंतर्गत जनपद के युवा विभिन्न रोजगारपरक कार्यों को कर सकते हैं।
जैसे प्रिंटिंग प्रेस ब्यूटी पार्लर, दोना पत्तल, ढाबा/रेस्टोरेंट, बेकरी प्रोडक्ट्स, टेंट हाउस, टेलरिंग का कार्य एवं आटा चक्की इत्यादि का कार्य कर सकते हैं। विस्तृत विवरण के लिए किसी भी कार्य दिवस में कार्यालय उपायुक्त उद्योग, जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केंद्र में संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा कार्यालय के दूरभाष संख्या 9869863015 पर संपर्क कर जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
ये भी पढ़ें- पीलीभीत: भाजपा प्रत्याशी जब नहीं जुटा पाई भीड़ तो वनमंत्री के सामने हुई फजीहत, देखें VIDEO
