बरेली: बगावत पड़ी भारी, निवर्तमान अध्यक्ष समेत आठ भाजपाई पार्टी से निष्कासित

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। नगर निकाय के चुनाव में पार्टी से टिकट न मिलने के बाद बगावत करना भाजपा नेताओं को भारी पड़ा। कोई खुद के लिए पार्टी लाइन से इतर चुनावी मैदान में है तो कोई पत्नी और बेटे को चुनाव लड़ा रहा है। शुक्रवार को डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के जाने के कुछ ही देर बाद बिशारतगंज के पूर्व चेयरमैन समेत आठ नेताओं को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया। सभी को छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित किया गया है।

बरेली भाजपा जिलाध्यक्ष पवन शर्मा ने बताया कि, मंडल अध्यक्ष संजय चौहान पत्नी जयंती चौहान, पूर्व मंडल अध्यक्ष गिरीश मौर्य उर्फ बंटी पत्नी विनीता मौर्या के लिए नगर पंचायत फतेहगंज पश्चिमी से अध्यक्ष पद के लिए टिकट मांग रहे थे, लेकिन पार्टी की ओर से अधिकृत प्रत्याशी की घोषणा के बाद भी दोनों लोग पार्टी से बगावत करते हुए अपनी पत्नी को निर्दलीय चुनाव लड़वा रहे थे। दोनों लोगों को छह साल के लिए पार्टी से निकाल दिया गया है।

बताया कि इसके अलावा मंडल उपाध्यक्ष ओमेंद्र चौहान को भी पार्टी से निष्कासित किया गया है। गिरीश मौर्य उर्फ बंटी को पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया है। आंवला जिलाध्यक्ष ने बताया कि निकाय चुनाव में इस बार बिशारतगंज से चेयरमैन पद के लिए महेश साहू को प्रत्याशी बनाया गया,

जबकि निवर्तमान चेयरमैन सूरजपाल मौर्य, जिला उपाध्यक्ष नानक राम सागर अध्यक्ष पद, जिला कार्य समिति के सदस्य रामरतन साहू अपने बेटे अखिल साहू को निर्दलीय सभासद पद, मंडल अध्यक्ष महेश साहू पत्नी प्रीती साहू को पार्टी लाइन के खिलाफ चुनाव लड़ा रहे थे। इसको लेकर चारों लोगों को छह साल के लिए पार्टी से बाहर कर दिया गया है। पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में पूर्व सभासद केशव मौर्य को भी पार्टी से निकाला गया है।

यह भी पढ़ें- Bareilly: 160 अस्पतालों के पास नहीं एनओसी, पानी का कर रहे दोहन

संबंधित समाचार