संभल: दो युवकों की मौत से रिबाड़ा में पसरा मातम, युवती की शादी टली

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

जुनावई क्षेत्र के दो युवकों की शुक्रवार देर रात सड़क हादसे में हुई थी मौत

फोटो- रिबाड़ा गांव में दो युवकों की मौत के बाद परिजनों से बात करते दरोगा

संभल/जुनावई, अमृत विचार। जुनावई थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में दो युवकों की मौत के बाद गांव रिबाड़ा में मातम पसरा रहा। युवकों के शव घर पहुंचने पर कोहराम मच गया। एक युवक की मौत के कारण उसकी बहन की शादी भी फिलहाल टाल दी गई। युवती के हाथों पर मेहंदी रची रह गई। खुशी का माहौल गम में तब्दील हो गया।

थाना क्षेत्र के गांव रिबाड़ा के सालिम की बहन रेहाना की शनिवार को धनारी थाना क्षेत्र के गांव धनोरा निवासी वकील  के साथ शादी होनी थी। शुक्रवार देर रात सालिम, गांव निवासी दोस्त अंकित और ममेरे भाई इमरान निवासी गांव भमौरी थाना सहसवान के साथ जुनावई से गद्दा लेने जा रहे थे।

गांव के पास ही सामने से आए अनियंत्रित ट्रैक्टर ने बाइक को टक्कर मार दी थी। इस हादसे में तीनों युवक घायल हो गए थे। उन्हें जुनावई सीएचसी ले जाया गया। जहां डॉक्टर ने सालिम और अंकित को मृत घोषित कर दिया। घायल इमरान को बदायूं रेफर किया गया। दो दोस्तों की मौत से परिवार में कोहराम मच गया था।

शनिवार को सालिम की बहन रेहाना की बारात आनी थी। दो मौतों से खुशियों का माहौल मातम में बदल गया। रिश्तेदारों ने मशविरा करने के बाद युवती शादी भी फिलहाल टाल दी है। शनिवार को दोपहर में सालिम और अंकित के शव पोस्टमार्टम के बाद घर लाए गए तो परिवार के लोग बिलखने लगे। परिजनों का करुण क्रंदन देख ग्रामीणों की आंखें भी नम हो गईं। परिजनों ने सालिम का शव गांव में ही दफन कर दिया जबकि अंकित के शव का असदपुर गंगाघाट पर अंतिम संस्कार किया गया।

रेहाना के हाथों पर रची रह गई मेहंदी
जुनावई। सालिम और अन्य परिजन रेहाना की शादी की तैयारी में जुटे थे। परिवार में खुशी का माहौल था। रेहाना के हाथों पर मेहंदी भी रचा दी गई थी। शुक्रवार की देर रात जब सालिम गद्दा लेने जुनावई जा रहा था तब किसी ने सोचा भी नहीं था कि अब वह कभी लौटकर नहीं आएगा। हादसे की खबर मिलते ही खुशियां गम में बदल गईं। शनिवार को हाथों पर मेहंदी रचाए बैठी बहन रेहाना भी बेहद दुखी नजर आई।

अंकित के परिवार में मचा कोहराम
संभल। सड़क हादसे में अंकित की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। अंकित की पत्नी शिवानी का रो-रो कर बुरा हाल हो गया। उसे अब बेटे और बेटी की परवरिश की चिंता सता रही है। तमाम महिलाएं शिवानी को संभाल रही थीं लेकिन उसकी आंखों के आंसू नहीं थम रहे थे।

यह भी पढ़ें- संभल: प्रत्याशी के विरोध पर विकास और बबिता भाजपा से निष्कासित

संबंधित समाचार