Jalaun Accident: रात के अंधेरे में मची थी चीख पुकार, हर कोई बाहर निकलने के जतन में जुटा, दर्द से कराह रहे थे यात्री
Jalaun Accident जालौन में अज्ञात वाहन की टक्कर से पांच की मौत।
Jalaun Accident जालौन में अज्ञात वाहन की टक्कर से बस के परखच्चे उड़ गए थे। हादसे में पांच बारातियों की मौत हो गई। जबकि 13 बाराती घायल हो गए। इसमें तीन की हालत नाजुक बताई जा रही। वहीं, हादसे में सीएम योगी आदित्यनाथ ने दुख जताया।
जालौन, अमृत विचार। Jalaun Accident बारातियों से भरी बस हादसे का शिकार हो गई। रात के अंधेरे में बस में सवार यात्रियों में चीख पुकार मच गई। हर कोई बस से बाहर निकलने के जतन में जुट गया। जो घायल थे वह दर्द से कराहते रहे। युवाओं ने बाहर निकल कर घटना की सूचना पुलिस और अपने परिजनों को दी। तत्काल मौके पर आसपास के थानों का पुलिस फोर्स पहुंच गया और बचाव कार्य में जुट गया। घायलों को अस्पताल भेजा गया। मृतकों के गांव में मातम छा गया।
शनिवार की शाम को मढेला गांव निवासी मूलचंद्र बघेल के घर खुशियां छाई थी। उनके दोनों बेटे एक साथ दूल्हा बने थे। बारात जाने की तैयारी थी। गांव की गलियों में बैंडबाजों की ध्वनि के बीच में महिलाओं की ओर से गाए जा रहे मंगलगीतों के बीच बारात ऊमरी के लिए रवाना हुआ। वहां पर टीका के समय तक खुशियां छाई रहीं। टीका के बाद कुछ खास नाते रिश्तेदारों को छोड़कर पूरी बारात को विदा कर दिया गया।
बारात की बस रात तकरीबन दो बजे गोपालपुरा के आगे महोई गांव के समीप पहुंची ही थी कि विपरीत दिशा से आ रहे एक डंपर से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का संतुलन बिगड़ गया और सड़क किनारे पेड़ों से टकरा गई। इसमें बस की छत ही टूटकर सड़क किनारे जा गिरी। रात के अंधेरे में हादसे का शिकार हुई बसे में चीख पुकार मचने लगी।
हर कोई बस से बाहर निकलने का प्रयास करने लगा, जो घायल नहीं हुए वह बाहर आए और फिर अपने मोबाइल से पुलिस और परिजनों को सूचना दी। कुछ ही देर में वहां पुलिस फोर्स और अधिकारी पहुंच गए। मढेला और आसपास के गांव के लोग भी धीरे धीरे पहुंच गए। पुलिस ने घायलों को बाहर निकाला और उन्हें उपचार के लिए भिजवाया।
मृतकों के शव कब्जे में लिए और पोस्ट मार्टम के लिए भेज दिए। चालक और परिचालक समत चार की मौके पर ही और एक की उपचार के दौरान मौत हो गई और 13 लोग घायल है। मृतकों के गांव में मातम छा गया। शादी वाले घर में मातम छा गया।
बस हादसे में यह हुए घायल
रेंढ़र थाना क्षेत्र के गांव मढेला निवासी बृजेंद्र पुत्र किशोर 55 वर्ष, गुड्डू उर्फ विजय सिंह पुत्र राजाराम 40 वर्ष, लालता प्रसाद पुत्र राजेंद्र सिंह 35 वर्ष, वीर सिंह पुत्र गोपी 37 वर्ष, शिव शंकर पुत्र छोटे सिंह 58 वर्ष, शिवसिंह पुत्र धनू 45 वर्ष, महिपाल पुत्र मगन 58 वर्ष, लल्लू पुत्र स्व.कांशीराम 60 वर्ष, राजेंद्र पुत्र राजाराम 52 वर्ष, रविंद्र पुत्र कल्याण सिंह 58 वर्ष हादसे में घायल हो गए। इसके अलावा थाना दबोह, जिला भिंड के रौनी गांव निवासी अशोक पुत्र भोगीलाल 42 वर्ष, मध्य प्रदेश के लहार थाना क्षेत्र के गांव रूरी निवासी कल्लू पुत्र सीताराम 40 वर्ष घायल हो गए। घायलों में तीन की हालत नाजुक है।
