Kanpur Accident : नमस्ते इंडिया की गाड़ी ने ऑटो में मारी टक्कर, दंपति की मौत, बेटा व चालक घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर में हादसे में दंपति की मौत।

कानपुर के बिठूर थानाक्षेत्र के नमस्ते इंडिया की गाड़ी ने ऑटो में टक्कर मार दी। हादसे में दंपति की मौत हो गई। जबकि बेटा व चालक गंभीर रूप से घायल हो गए।

कानपुर, अमृत विचार। बिठूर थानाक्षेत्र अंतर्गत शनिवार रात नारामऊ के पास तेज रफ्तार नमस्ते इंडिया की गाड़ी ने ऑटो सवार चार लोगों को साइड से टक्कर मार दी। इस हृदयविदारक हादसे में पति की मौके पर ही मौत हो गई वहीं पत्नी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के दौरान ऑटो में बैठा बेटा और चालक भी गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने दंपति के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। 

मूलरूप से उन्नाव के मुंशीगंज जखैला पोस्ट रवानपुर सुरौली के रहने वाले 52 वर्षीय अशोक राज सिंह पिछले 12 वर्षों से बगदौधी बांगर मंधना में अरविंद त्रिपाठी के मकान में 47 वर्षीय पत्नी शालू सिंह, बेटे 17 वर्षीय हर्ष सिंह व 13 वर्षीय बेटी साक्षी सिंह के साथ किराए पर रहते थे। बेटे हर्ष सिंह ने बताया कि पिता भट्ठा कोठी बिठूर चौबेपुर मार्ग पर स्थित देशी शराब ठेके में सेल्समैन का काम करते थे।

उसने बताया कि दो माह से पिता की डायलिसिस चल रही थी। जिसके कारण वह कुलवंती हॉस्पिटल में इलाज करा रहे थे। शनिवार रात करीब साढ़े नौ बजे वह बीमार पिता व माता को लेकर रावतपुर आदर्श नगर के रहने वाले ऑटो चालक दीपक कुश्वाहा के साथ हॉस्पिटल जा रहे थे। अभी वह नारामऊ स्थित दुर्गा मंदिर पीएनसी स्टोर के सामने पहुंचे ही थे, कि सामने से तेज रफ्तार में आ रही नमस्ते इंडिया की तेज रफ्तार गाड़ी ने साइड से भीषण टक्कर मार दी। घटना के बाद चीख पुकार मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार करीब आधे घंटे तक चारों लोग ऑटो में फंसे रहे। इस दौरान अशोक राज सिंह की मौके पर मौत हो गई। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने एबुंलेंस की मदद से शालू सिंह, हर्ष सिंह व चालक दीपक कुश्वाहा को हैलट अस्पताल में भर्ती कराया। जहां देर रात करीब तीन बजे शालू सिंह ने भी दम तोड़ दिया। दर्दनाक हादसे में दंपति की मौत से कोहराम मच गया। इस संबंध में बिठूर इंस्पेक्टर अतुल सिंह ने बताया कि परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार