गुलड़िया भिंड़ारा में हंगामा, निर्दलीय प्रत्याशी का आरोप- भाजपा जिलाध्यक्ष कर रहे सत्ता का दुरुपयोग 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पुलिस द्वारा निर्दलीय प्रत्याशी के समर्थक को पकड़ने के बाद जमकर हंगामा 

पीलीभीत, अमृत विचार। नगर पंचायत चुनाव के नजदीक आते ही अब जीत-हार का गणित तेज हो गया है। नगर पंचायत गुलड़िया भिंडारा में भाजपा जिलाध्यक्ष पर पुलिस से मिलकर सत्ता का दुरुपयोग अपने भाई को जिताने के लिए करने का आरोप लगा है। इसे लेकर निर्दलीय प्रत्याशी के समर्थकों ने पुलिस चौकी मझोला में पहुंचकर जमकर हंगामा किया।

हालांकि बाद में शिकायत मिलने पर जांच का हवाला देकर पुलिस ने हिरासत में लिए गए निर्दलीय प्रत्याशी के समर्थक को छोड़ साख बचाई। फिलहाल, मामला खासा चर्चित रहा। हंगामे के वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुए। 

नगर पंचायत गुलड़िया  भिंडारा की सीट पिछले चुनाव में सपा के पाले में गई थी। इस बार सत्ताधारी भाजपा के लिए इस सीट का चुनाव साख से जुड़ चुका है। भाजपा से उतारे गए प्रत्याशी निशांत प्रताप सिंह पार्टी जिलाध्यक्ष संजीव प्रताप सिंह के भाई हैं। पूर्व चेयरमैन अजय गोयल भी निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं। इसके अलावा भी कई चेयरमैन उम्मीदवार है।

रविवार को उस वक्त हंगामा हो गया जब मझोला चौकी पुलिस ने निर्दलीय प्रत्याशी के एक समर्थक को हिरासत में ले लिया। इसकी भनक लगते ही निर्दलीय प्रत्याशी के सैकड़ों समर्थक पुलिस चौकी पहुंच गए और हंगामा कर दिया। उनका आरोप था कि भाजपा जिलाध्यक्ष के भाई को जिताने के लिए लगातार उन पर पहले चुनावी मैदान छोड़ने का दबाव बनाया जाता रहा। उसके बाद अब उनका प्रचार प्रसार करने वाले को पुलिस से साठगांठ कर बेवजह पकड़वा दिया गया।

हंगामे के दौरान दरोगा से समर्थकों की तीखी नोकझोंक हुई। इसकी शिकायत एसपी समेत अन्य अधिकारियों से भी की गई। फिर कुछ देर बाद ही हिरासत में लिए गए समर्थक को छोड़ दिया गया। तब जाकर मामला शांत हो सका। निर्दलीय प्रत्याशी अजय गोयल की तरफ से एक शिकायत राज्य निर्वाचन आयोग को भी की गई है।

जिसमें कहा है कि वह समर्थकों के साथ अनुमति लेकर निमयानुसार प्रचार कर रहे हैं। भाजपा से पार्टी जिलाध्यक्ष के भाई चुनाव लड़ रहे हैं। आरोप है कि भाजपा जिलाध्यक्ष लगातार चुनाव में व्यवधान डाल रहे हैं।  पहले नाम वापसी का दबाव बनाया, देख लेने की धमकी दी गई है। अब समर्थकों को स्थानीय पुलिस से मिलकर परेशान कराया जा रहा है। जबकि भाजपा प्रत्याशी की ओर से लगातार नियम उल्लंघन किया जा रहा है। उसे पुलिस नजर अंदाज कर रही है। मामले की जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है।

भाजपा प्रत्याशी की तरफ से शिकायत की गई थी कि निर्दलीय प्रत्याशी के समर्थक द्वारा मतदाताओं को लुभाने के लिए कुछ बांटा जा रहा है। इस पर जांच के लिए दरोगा उक्त युवक को लेकर आए थे। जब उसके पास से किसी तरह की बरामदगी नहीं हो सकी तो उसे जांच कर छोड़ दिया गया था। इसी को लेकर गलत आरोप लगा दिए गए हैं। पुलिस पूरी तरह से निष्पक्ष है--- उदयवीर सिंह, एसओ न्यूरिया।

इस पूरे प्रकरण से हमारा या पार्टी का कोई लेना-देना नहीं है। न्यूरिया पुलिस ने किसी सूचना के आधार पर कार्रवाई की थी, यह पता लगा है। आरोप पूरी तरह से निराधार हैं।  किसी पर कोई दबाव नहीं बनाया जा रहा है। भाजपा के प्रत्याशियो को जनता का समर्थन हैं--- संजीव प्रताप सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष।

यह भी पढ़ें- पूर्व चेयरमैन राजीव अग्रवाल टीटी ने दे दिया निर्दलीय प्रत्याशी प्रियंका कौशिक को आशीर्वाद...जानिए पूरा मामला 

संबंधित समाचार