संभल: भतीजे के मुंडन संस्कार में आया युवक गंगा में डूबा, मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

राजघाट पर मुंडन संस्कार की रस्मों के बीच बच्चे को स्नान कराने उतरा युवक पैर फिसलने से गंगा में डूबा

फोटो- गंगा में डूबकर कालीचरन की मौत बाद बिलखती पत्नी बॉबी

संभल/बबराला, अमृत विचार। जिले के राजघाट गंगाघाट पर बच्चे के मुंडन संस्कार की रस्म के दौरान युवक पैर फिसलने से गहरे पानी में डूब गया। गोताखोरों ने आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद गंगा से शव को बाहर निकाला। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।

गुन्नौर थाना क्षेत्र के गांव पतेई कायस्थ निवासी कालीचरन उर्फ कालू (22) भाई अमरपाल के बेटे के मुंडन संस्कार के लिए राजघाट गंगाघाट आया था। इस अवसर पर दो ट्रैक्टर-ट्रालियों में सवार होकर महिलाओं और बच्चों समेत करीब 60 लोग गंगाघाट आए थे।

महिलाओं और रिश्तेदारों ने हंसी-खुशी बच्चे का मुंडन संस्कार कराया। इसके बाद कालीचरन परिवार के अन्य लोगों के साथ बच्चे को स्नान कराने के लिए गंगा में उतर गया। अचानक कालीचरन का पैर फिसला और वह गहरे पानी में डूब गया। उसे डूबता देख लोगों ने शोर मचा दिया।

आनन-फानन में गोताखोर भी गंगा में कूद पड़े। करीब आधा घंटे तक गोताखोर उसे नदी में तलाशते रहे। कड़ी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने उसका शव गंगा से बाहर निकाला। परिजन जीवित होने की उम्मीद में कालीचरन को सीएचसी गुन्नौर ले गए। वहां डॉक्टर ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया। 

दो साल में ही उजड़ गया बॉबी का सुहाग
बबराला। कालीचरन उर्फ कालू की शादी दो साल पहले ही बॉबी के साथ हुई थी। बॉबी और कालीचरन का एक साल का बेटा है। गंगा में डूबने से कालीचरन की मौत होने पर बॉबी का रो-रो कर बुरा हाल हो गया। परिवरा की अन्य महिलाओं ने किसी तरह उसे संभाला। वह पति के सदा के लिए छोड़कर चले जाने के दुख में बुरी तरह बिलखती रही।

मातम में बदल गईं खुशियां 
बबराला। गंगाघाट पर जाने के दौरान महिलाओं ने ढोलक की थाप पर मंगल गीत गाए। बच्चे के मुंडन संस्कार के बाद लोगों को भोजन और मिष्ठान परोसने के लिए गांव में तैयारी चल रही थीं। हर तरफ खुशियों का माहौल था लेकिन जैसे ही गंगा में डूबने से कालीचरन की मौत हुई तो मातम पसर गया।

यह भी पढ़ें- संभल: आधा बीघा जमीन के विवाद में फायरिंग, चार महिलाओं सहित पांच घायल

संबंधित समाचार