संभल: आधा बीघा जमीन के विवाद में फायरिंग, चार महिलाओं सहित पांच घायल
कैला देवी थाना क्षेत्र की घटना, एक व्यक्ति की हालत गंभीर, शिक्षामित्र पर है गोली मारने का आरोप
संभल/सौंधन, अमृत विचार। कैला देवी थाना क्षेत्र के भमौरी पटटी गांव में आधा बीघा जमीन के विवाद को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। पहले मारपीट और फिर फायरिंग हुई। गोली लगने से एक ही पक्ष का एक व्यक्ति व चार महिलाएं घायल हो गईं। ग्रामीण को गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है जबकि महिलाओं का इलाज जिला अस्पताल में कराया गया है। फायरिंग का आरोप शिक्षा मित्र पर है।
भमौरी पट्टी गांव में शिक्षा मित्र नेमचंद व महीपाल के बीच आधा बीघा जमीन को लेकर कई सालों से विवाद चला आ रहा था। कहा जा रहा है कि गांव की आबादी के नजदीक होने की वजह से जमीन कीमती है इसलिए दोनों पक्ष जमीन पर काबिज होने का प्रयास करते हैं।
शनिवार को सुबह 10 बजे नेमचंद ट्रैक्टर से जमीन जोतने गया तो महीपाल ने मौके पर पहुंचकर जमीन जोतने का विरोध किया। विवाद के बाद नेमचंद ट्रैक्टर लेकर वापस घर आ गया। इसके बाद शाम को चार बजे इसी विवाद को लेकर दोनों पक्ष आमने सामने आ गए। पहले दोनों पक्षों की महिलाओं व पुरुषों के बीच जमकर लाठी डंडे चले। आरोप है कि चानक शिक्षा मित्र नेमचंद तमंचा निकाल लाया और फायरिंग कर दी। गोली लगने से महीपाल गंभीर रूप से घायल हो गया जबकि महीपाल की मां अनोखी,पत्नी हरनन्दी के अलावा छोटे भाई रामबहादुर की पत्नी शीला व दूसरे भाई विद्याराम की पत्नी लाडो भी घायल हुई हैं।
महीपाल की हालत गंभीर,महिलाएं चोटिल
गोली लगने से महीपाल गंभीर रूप से घायल हो गया जबकि परिवार की महिलाएं मारपीट व गोली के छर्रे लगने से मामूली घायल हुई हैं। महिलाओं को इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया है जबकि महीपाल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
फायरिंग से मचा हड़कंप
संभल। भमौरी पटटी गांव में मारपीट के बाद गोली चलने की आवाज गांव के लोगों को सुनाई दी तो हड़कंप मच गया। जहां मारपीट हो रही थी वहां आसपास इलाके में रहने वाले लोगों ने खुद को बचाने के लिए अपने घरों के दरवाजे बंद कर लिये।
गांव में पुलिस बल किया तैनात
भमौरी पटटी गांव में महीपाल व उसके परिवार की महिलाओं के घायल होने के बाद तनाव के हालात बने तो गांव में पुलिस तैनात कर दी गई। वहीं पुलिस ने गांव में पड़ताल के साथ ही मौके से साक्ष्य इकट्ठा किये हैं। कैला देवी थाना पुलिस का कहना है कि महीपाल गोली लगने से घायल हुआ है जबकि कुछ महिलाएं मारपीट में चोटिल हुई हैं।
यह भी पढ़ें- संभल: प्रत्याशी के विरोध पर विकास और बबिता भाजपा से निष्कासित
