लखनऊ: सीबीआई के कब्जे में 16 फाइलें, एलडीए के तत्कालीन अधिकारी रडार पर
एलडीए से ली अंसल टाउनशिप के मानचित्र व अर्जन की फाइलें
लखनऊ,अमृत विचार। अहिमामऊ में सिंचाई विभाग की भूमि पर अंसल की हाईटेक टाउनशिप विकसित करने की स्वीकृति देने वाले लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) के मानचित्र व अर्जन विभाग के अधिकारी सीबीआई के रडार पर हैं। जांच के क्रम में सीबीआई ने मानचित्र व अर्जन की कुल 16 फाइलें कब्जे में ले ली हैं। इन फाइलों के तथ्यों के आधार पर जांच की जा रही है।
अहिमामऊ में अंसल प्रापर्टीज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर की हाईटेक टाउनशिप को स्वीकृति देने वाले अधिकारी व अभियंताओं की मुश्किलें बढ़ा दीं हैं। जिन्होंने सिंचाई विभाग की जमीन पर संबंधित टाउनशिप का मानचित्र पास किया और अन्य स्वीकृति दी है। यह मामला 2007 का है और हाई कोर्ट के आदेश पर सीबीआई जांच कर रही है।
पिछले सप्ताह मानचित्र सेल व अर्जन विभाग के एक-एक अधिकारियों को बुलाकर योजना संबंधित प्रमाणित रिपेार्ट मांगी सीबीआई ने मांगी थी। जिसका अध्ययन कर अब मानचित्र व अर्जन विभाग की कुल 16 फाइलें एलडीए से कब्जे में लेने की चर्चा है। संबंधित फाइलों में 2007 से अब तक की पूरी रिपोर्ट है।
कब, किसने स्वीकृति दी और किस आधार पर सर्वे व जांच की गई। स्वीकृत मानचित्र में क्या दर्शाया गया। मानचित्र के अनुसार योजना है या नहीं। इन सभी बिंदुओं पर जांच होना बताया जा रहा है। ऐसे में उस समय तैनात रहे अधिकारी व अभियंता कार्रवाई की जद में आएंगे। सीबीआई की जांच से संबंधित अधिकारी बयानबाजी से भी बच रहे हैं।
यह भी पढ़ें:-लखनऊ : जीरो वेस्ट बड़ा मंगल मनाने के लिए 497 लोगों ने कराया रजिस्ट्रेशन
