IPL 2023: आंद्रे रसेल की आतिशबाजी से जगमगाया ईडन गार्डन, पांच विकेट से जीती केकेआर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कोलकाता। कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने कप्तान नीतीश राणा (51) के शानदार अर्द्धशतक के बाद आंद्रे रसेल की 42 रन की आतिशी पारी की बदौलत सोमवार को इंडियन प्रीमियर लीग के रोमांच से भरे मैच में पंजाब किंग्स को छह विकेट से मात दी। पंजाब ने शिखर धवन (57) के अर्द्धशतक की मदद से केकेआर के सामने 180 रन का लक्ष्य रखा। केकेआर ने करो या मरो मुकाबले में यह लक्ष्य आखिरी गेंद पर हासिल कर लिया। 

धवन ने 47 गेंद पर नौ चौकों और एक छक्के के साथ 57 रन बनाकर पंजाब को अच्छी शुरुआत दी, जबकि शाहरुख खान और हरप्रीत बराड़ ने आखिरी 16 गेंदों पर 40 रन की साझेदारी करके पंजाब की पारी को विस्फोटक अंत दिया। केकेआर के कप्तान नीतीश ने 38 गेंद पर छह चौकों और एक छक्के के साथ 51 रन बनाये, हालांकि उनका विकेट गिरने के बाद भी केकेआर लक्ष्य से काफी दूर थी। 

केकेआर को जब चार ओवर में 51 रन चाहिये थे तब आंद्रे रसेल ने रिंकु सिंह के साथ मिलकर ईडन गार्डन का पारा बढ़ा दिया। दोनों ने अगले तीन ओवरों में 45 रन जोड़े, लेकिन केकेआर को जब दो गेंद पर दो रन की जरूरत थी तब रसल रनआउट हो गये। आखिरी गेंद पर दो रन बनाने की जिम्मेदारी रिंकु की थी और उन्होंने चौका जड़कर केकेआर को रोमांचक जीत दिला दी।  

इससे पूर्व, पंजाब ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी और पहले ओवर में तीन चौके जड़ने वाले प्रभसिमरन आठ गेंद पर 12 रन बनाकर आउट हो गये। लंबे समय बाद टीम में वापसी कर रहे भानुका राजपक्षे भी शून्य रन ही बना सके। पंजाब ने पावरप्ले में 58 रन बनाये, हालांकि लायम लिविंगस्टन (नौ गेंद, 15 रन) के रूप में तीसरा विकेट भी गंवा दिया। लगातार गिरते विकेटों के बीच पंजाब को एक साझेदारी की जरूरत थी, जो उसे शिखर और जितेश शर्मा ने दी।

दोनों ने चौथे विकेट के लिये 53 रन की साझेदारी की, जिसमें जितेश ने 18 गेंद पर 21 रन का योगदान दिया। इससे पहले कि पंजाब की पारी रफ्तार पकड़ती, केकेआर ने स्पिनरों की मदद से मैच में वापसी की। वरुण चक्रवर्ती ने जितेश को पवेलियन लौटा दिया, जबकि नीतीश राणा ने धवन का विकेट चटकाकर कप्तानों की लड़ाई जीती।

ऋषि धवन ने 11 गेंद पर एक चौका और एक छक्का लगाकर 19 रन बनाये लेकिन वह भी चक्रवर्ती का शिकार हो गये। सुयष शर्मा की गेंद पर सैम करेन (नौ गेंद, चार रन) का विकेट गिरने के बाद पंजाब का स्कोर 17.2 ओवर में 139/7 हो गया। केकेआर पंजाब को 160 के स्कोर तक रोक सकती थी, लेकिन शाहरुख और हरप्रीत ने ऐसा नहीं होने दिया।

शाहरुख ने 18वें ओवर में पिच पर उतरने के बाद आठ गेंद पर तीन चौके और एक छक्का लगाते हुए 21 रन बनाये, जबकि हरप्रीत ने नौ गेंद पर दो चौकों और एक छक्के के साथ 17 रन की पारी खेली। केकेआर की ओर से चक्रवर्ती ने चार ओवर में 26 रन देकर तीन विकेट लिये, जबकि हर्षित राणा ने तीन ओवर में 33 रन देकर दो विकेट चटकाये। सुयष और नीतीश को एक-एक विकेट हासिल हुआ।

ये भी पढ़ें :  Wrestlers Protest : जंतर मंतर पर बवाल, बृजभूषण के खिलाफ धरने पर जुटे किसान, तोड़े पुलिस बैरिकेड...देखिए VIDEO  

संबंधित समाचार