बरेली: नगरीय क्षेत्र के 132 स्कूलों के सुंदरीकरण का कार्य कल से शुरू
बरेली, अमृत विचार। ग्रामीण क्षेत्रों के प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक स्कूलों का सुंदरीकरण होने के बाद अब ‘ऑपरेशन कायाकल्प’ के तहत नगरीय क्षेत्रों के परिषदीय स्कूलों का भी सुंदरीकरण कराया जाएगा। इसके मद्देनजर सोमवार को जिलाधिकारी नितीश कुमार ने ऑपरेशन कायाकल्प के तहत आज से शुरू होने वाले कार्यों को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक …
बरेली, अमृत विचार। ग्रामीण क्षेत्रों के प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक स्कूलों का सुंदरीकरण होने के बाद अब ‘ऑपरेशन कायाकल्प’ के तहत नगरीय क्षेत्रों के परिषदीय स्कूलों का भी सुंदरीकरण कराया जाएगा। इसके मद्देनजर सोमवार को जिलाधिकारी नितीश कुमार ने ऑपरेशन कायाकल्प के तहत आज से शुरू होने वाले कार्यों को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक की।
डीएम ने कहा कि 132 स्कूलों का सुंदरीकरण कराने की रूपरेखा तैयार कर ली गई है। सुंदरीकरण के कार्यों की गुणवत्ता से किसी प्रकार से समझौता नहीं किया जाएगा। वह स्वयं एक-एक स्कूल का निरीक्षण करेंगे।
कैंप कार्यालय पर आयोजित बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि इस बात का अवश्य ध्यान रखें कि कार्यों में किसी भी स्तर पर क्वालिटी से समझौता नहीं होना चाहिए। जिन 14 पैरामीटर्स पर कार्य होने हैं, उन सभी पर गंभीरता से कार्य कराएं। स्थिति वह स्वयं परखेंगे।
डीएम ने कहा कि शुद्ध पेयजल, बालक-बालिका शौचालय यूनिट, शौचालयों में टाइल्स, दिव्यांग सुलभ शौचालय, दिव्यांग सुलभ रैम्प एवं रेलिंग, हैंडवाश यूनिट, ब्लैक बोर्ड, रसोई घर, स्कूल की स्तरीय रंगाई पुताई तथा स्कूल में विद्युत वायरिंग आदि कार्य ऑपरेशन कायाकल्प के अंतर्गत कराए जाने हैं। डीएम के प्रयासों से ही ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूलों का कायाकल्प हुआ है। उसी तरह नगरीय क्षेत्र के स्कूलों में कार्य कराने जा रहे हैं।
नगरीय क्षेत्र के 132 स्कूलों का कायाकल्प किया जाना प्रस्तावित है। इसमें 69 स्कूल नगर निगम सीमा के अंदर हैं। 63 परिषदीय स्कूल निकाय क्षेत्र के तहत आते हैं। इनमें प्राथमिक स्कूल 40, उच्च प्राथमिक स्कूल नौ और 14 कम्पोजिट स्कूल भी शामिल हैं। बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन वीके सिंह, बेसिक शिक्षा अधिकारी विनय कुमार, अपर जिला पंचायत राज अधिकारी आदि उपस्थित थे।
