रायबरेली में दिनदहाड़े दीवानी न्यायालय परिसर में पति ने किया पत्नी पर चाकू से हमला 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रायबरेली, अमृत विचार। मंगलवार को दीवानी न्यायालय परिसर  में उस समय अफरा तफरी मच गई, जब पारिवारिक विवाद में पति ने अपनी पत्नी पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। न्यायालय परिसर में  महिला पर हुए हमले के बाद भगदड़ मच गई। पुलिस ने हमलावर पति को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि महिला को गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
       
कड़ी सुरक्षा वाली दीवानी कोर्ट परिसर में दिनदहाड़े सिरफिरे पति ने अपनी पत्नी पर चाकू से जानलेवा कर दिया। पति के हमले से गंभीर रूप से घायल महिला को इलाज के लिए आनन फानन में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहाँ उसका इलाज चल रहा है। जानकारी के अनुसार रंभा का पुरवा थाना ऊंचाहार की रहने वाली उमा सिंह का अपने पति दुखहरन सिंह  से पारिवारिक विवाद न्यायालय में चल रहा है। उमा सिंह मंगलवार को इसी विवाद में  पेशी पर आई थी। वह न्यायालय परिसर स्थित अभियुक्त लॉकअप के पास अपने वकील के चेंबर में बैठी थी , उसी समय उसके पति दुख हरण सिंह ने महिला पर चाकू से हमला बोल दिया। हमले में महिला के पेट मे दो गंभीर घाव हो गए। 

मौके पर मौजूद पुलिस ने महिला को अस्पताल पहुँचाया और आरोपी पति को हिरासत में ले लिया। पीड़िता के वकील सनोज यादव ने बताया कि उमा सिंह की 22 साल पहले नसीराबाद थाना क्षेत्र तिवारी पुर के रहने वाले दुखहरन सिंह से हुई थी। दोनो के तीन बच्चे है। दुखहरन सिंह कमाई के लिए विदेश गया और जब वापस लौटा तो उसका व्यवहार बदल गया। वो आये दिन अपनी पत्नी को पीटने लगा।पति की पिटाई से परेशान पत्नी ने कोर्ट में न्याय की गुहार लगाई। जिसका मुकदमा लंबित है । मंगलवार को पेशी के दौरान महिला के पति ने हमला बोल दिया। जिला अस्पताल के ईएमओ ने बताया कि महिला की स्थिति स्थिर बनी हुई है।


ये भी पढ़ें -संतकबीरनगर: भाजपा की रैली में शामिल युवकों को ट्रक ने रौंदा, एक की मौत

संबंधित समाचार