संतकबीरनगर: भाजपा की रैली में शामिल युवकों को ट्रक ने रौंदा, एक की मौत
संतकबीरनगर, अमृत विचार। नगर पंचायत बखिरा से भाजपा प्रत्याशी डॉ हरिओम बख्शी के समर्थन में मंगलवार को निकली मोटरसाइकिल रैली में शामिल तीन युवकों को बखिरा-खलीलाबाद मार्ग के ग्राम नौरों के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बुरी तरह से रौंद दिया। इस घटना में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
दो घायल युवकों को पुलिस ने जिला अस्पताल पहुंचाया जहां मौजूद डाक्टरों ने एक युवक की गम्भीर हालत को देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज गोरखपुर के लिए रेफर कर दिया। मृतक के शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक का नाम 22 वर्षीय सुधीर सिंह पुत्र भूवर सिंह निवासी ग्राम बरईपार वहीं घायलों के नाम 23 वर्षीय बिपिन सिंह पुत्र केसर सिंह और 21 वर्षीय रुद्र प्रताप सिंह पुत्र धीरेन्द्र सिंह निवासी ग्राम बरईपार थाना बखिरा बताया जाता है।
ये भी पढ़ें -रायबरेली में बेटी को स्कूल छोड़ने जा रहे बाइक सवार पिता को ट्रक ने मारी टक्कर ,मासूम की मौत
