अयोध्या : डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने भाजपा प्रत्याशी के प्रचार में निकाला रोड शो
अमृत विचार, अयोध्या । नगर निकाय चुनाव प्रचार के अंतिम दिन राजनेताओं ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी। दिन भर रैलियां, रोड शो और नुक्कड़ सभाओं का दौर चलता रहा। शाम पांच बजते ही चुनावी भोंपू शांत हो गया। इसके बाद प्रत्याशियों ने अपना चुनाव प्रचार बंद कर दिया। चारों प्रमुख प्रत्याशियों के अलावा निर्दलियों ने भी खूब रंग जमाया।
भारतीय जनता पार्टी ने नगर निगम अयोध्या में शक्ति प्रदर्शन किया। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के रोड शो में भगवा धारण किये अपार जनसमूह सड़क पर उतरा। नाका गांधी आश्रम से रिकाबगंज तक निकले दो किमी. से लम्बे मार्ग में दर्जनों स्थानों पर लोगो ने रोड शो पर पुष्पवर्षा की। रथ पर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या के साथ सांसद लल्लू सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष कमलेश मिश्रा, विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, प्रथम महापौर ऋषिकेश उपाध्याय, प्रत्याशी महंत गिरीश पति त्रिपाठी शामिल थे। संचालन महानगर अध्यक्ष अभिषेक मिश्रा कर रहे थे।
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या ने कहा कि यूपी के सभी नगर निगमों पर भाजपा ऐतिहासिक जीत दर्ज करने वाली है। सांसद लल्लू सिंह ने कहा कि अयोध्या में श्रद्धालुओं को बेहतर रोड कनेक्टिविटी दी जा रही है। क्षेत्रीय अध्यक्ष कमलेश मिश्रा ने कहा कि भाजपा इस चुनाव में एतिहासिक विजय की ओर अग्रसर है। विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि सरकार सबका साथ सबका विकास के पथ पर चलते हुए सबका विश्वास हासिल करने के लक्ष्य की ओर बढ़ रही है।
प्रथम महापौर ऋषिकेश उपाध्याय ने कहा कि गरीबों के चेहरे पर खुशी का भाव लाना सरकार की प्राथमिकताओं में रहा है। भाजपा प्रत्याशी महंत गिरीश पति त्रिपाठी ने कहा कि विकास की रश्मि से प्रकाशित अयोध्या आने वाले समय में देश के प्रमुख व्यापारिक केंद्रों में एक होगी। जिला प्रभारी पद्मसेन चौधरी, क्षेत्रीय महामंत्री त्रयम्बक तिवारी, सहाकारी बैंक के सभापति धर्मेंद्र प्रताप सिंह टिल्लू, अवधेश पांडेय बादल, डॉ. बांके बिहारी मणि त्रिपाठी, कमलेश श्रीवास्तव, अवधेश श्रीवास्तव, आलोक कुमार सिंह रोहित आदि मौजूद रहे।
गायत्रीपुरम वार्ड में किया जनसंपर्क
कबीर नगर वार्ड के मोहल्ला गायत्रीपुरम में भाजपा के मेयर प्रत्याशी महंत गिरीश पति त्रिपाठी व पार्षद पद के उम्मीदवार चंदन सिंह ने जनसंपर्क अभियान चलाया, जिसमें गायत्रीपुरम मोहल्ले वासियों ने जोर-शोर से मेयर प्रत्याशी गिरीश पति का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। तुषार श्रीवास्तव, ज्योति पाल, उमेश सिंह, सौरभ चतुर्वेदी, रोहित सिंह व डॉ. नीलम सिंह ने स्वागत किया।
ये भी पढ़ें - युवाओं को महाराणा प्रताप एवं गोपाल कृष्ण गोखले के विचारों से प्रेरणा लेने की जरूरत है : प्रो. के. के. सिंह
