Unnao : हत्यारोपी पति को ढूंढती रही पुलिस, रेलवे ट्रैक पर मिला शव, तंत्र-मंत्र के शक में की थी पत्नी की हत्या

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

उन्नाव में पत्नी की हत्या के आरोपी पति ने ट्रेन से कटकर जान दे दी।

उन्नाव में पति ने पत्नी की तंत्र-मंत्र के शक में हत्या कर दी थी। हत्या के बाद आरोपी पति ने ट्रेन से कटकर जान दे दी। पुलिस ने जांच-पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

उन्नाव, अमृत विचार। सदर कोतवाली अंतर्गत इब्राहिम बाग मोहल्ला में तंत्र-मंत्र के शक में पत्नी की निर्मम हत्या करने के आरोपी बुजुर्ग को पुलिस मंगलवार सुबह से तलाश रही थी। देर रात सदर क्षेत्र में ही रायबरेली रेलवे ट्रैक पर उसका शव पड़ा मिला। शिनाख्त के बाद पुलिस ने बुधवार सुबह शव पोस्टमार्टम को भेजा। 

सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला इब्राहिम बाग निवासी नन्हकऊ लोध ने तंत्र-मंत्र के शक में सोमवार देररात पत्नी किशन दुलारी (65) की निर्मम हत्या कर दी थी। इसके बाद वह फरार हो गया था। बेटे मुन्नूलाल की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। सदर कोतवाली पुलिस हत्यारोपी नन्हकऊ की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश का दावा कर रही थी।

तभी मंगलवार देररात उन्नाव-रायबरेली क्रासिंग से 100 कदम दूर एक बुजुर्ग की ट्रेन की चपेट में आने से मौत की सूचना मिली। सूचना पर आरपीएफ के साथ सदर कोतवाल राजेश पाठक भी वहां पहुंचे। दाहिने हाथ में नन्हकऊ गुदा देख कोतवाल ने परिजनों को बुलाकर उसकी शिनाख्त कराई। उसके नन्हकऊ ही होने पर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

उधर, विदेश में रह रहे बेटे के आने के इंतजार में मृतका के शव का भी अंतिम संस्कार नहीं हुआ था। बुधवार दोपहर वृद्ध के शव का पोस्टमार्टम होने के बाद परिजनों ने पति-पत्नी के शवों का जाजमऊ के चंदन घाट पर एक साथ अंतिम संस्कार कर दिया।

संबंधित समाचार