Kanpur: निकाय चुनाव के जरिए लोकसभा की रखी नींव, केंद्र की योजनाओं को 15 मिनट मंच से गिनाते रहे मुख्यमंत्री योगी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर में निकाय चुनाव के जरिए लोकसभा की रखी नींव।

कानपुर में निकाय चुनाव के जरिए लोकसभा की रखी नींव। केंद्र की योजनाओं को 15 मिनट मंच से मुख्यमंत्री गिनाते रहे। 30 मिनट के भाषण में मोदी सरकार की मंच से तारीफ की।

कानपुर, [अभिषेक वर्मा]। मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंच से एक तीर से दो निशाने किए। निकाय चुनाव के जरिए उन्होंने लोकसभा चुनाव 2024 के लिए ‘नींव’ भी रख दी। मंच से दिए 30 मिनट के उद्बोधन में उन्होंने 15 मिनट केवल केंद्र और मोदी सरकार की योजनाओं को गिनाया।

शहर की पहचान पर बात करते हुए वह सीधे 2014 में बनी मोदी सरकार पर चले गए। उन्होंने पिछले 9 साल में किए गए कार्यों को एक के बाद एक गिनाया। उन्होंने भारत की विदेश नीति और आपसी सामंजस्य की तस्वीर को भी मंच से चरितार्थ किया। इस तरह योगी ने निकाय चुनाव में वोट तो मांगे, साथ ही लोकसभा चुनाव का आगाज भी कर दिया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2014 से पहले भारत की सीमाएं सुरक्षित नहीं थीं। नक्सलवाद, आतंकवाद और भ्रष्टाचार को लगातार बढ़ावा दिया जा रहा था। लेकिन, मोदी सरकार में हमने पिछले दिनों आजादी का अमृत महोत्सव मनाया है। घर-घर तिरंगा के माध्यम से हमने पूरे भारत को जोड़ने का काम किया है। जिससे राष्ट्रीय गौरव और बढ़ा है। उन्होंने कहा कि जिस ब्रिटेन ने भारत पर लगभग 100 साल राज किया, उसको पछाड़कर भारत दुनियां की पांचवी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बना है।

उन्होंने कहा कि केंद्र की योजनाएं सीधे आम लोगों तक पहुंच रही हैं। 35 करोड़ जनधन खाते देश में खोले गए हैं। 50 करोड़ लोगों को आयुष्मान योजना से जोड़कर स्वास्थ्य लाभ दिया जा रहा है। 80 करोड़ गरीबों को फ्री में राशन दे रहे हैं। पूरे देश में 220 वैक्सीन की डोज हम लगवा चुके हैं। वहीं, पीएम आवास योजना के तहत भी लोगों को पक्का घर दिया जा रहा है। 2014 के बाद से लगातार हमारी धर्मस्थलों का गौरव वापस लाया जा रहा है।

जी-20 की अध्यक्षता कर रहा भारत

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि आज जी-20 की अध्यक्षता भारत कर रहा है। जी-20 के समूह में 20 शक्तिशाली देश जुड़े हैं। यह वह देश हैं जहां दुनिया की 65 फीसदी आबादी रहती है। इन देशों के पास दुनिया का 80 फीसदी संसाधन, 85 फीसदी जीडीपी और 90 फीसदी पेटेंट शेयर हैं। वहीं दूसरी ओर देश में इंफ्रास्ट्रक्चर, हाइवे, रेलवे, मेट्रो, एयरपोर्ट का तेजी से विस्तार हो रहा है। आईआईटी, आईआईएम संस्थाएं नई पहचान बना रही हैं।

संबंधित समाचार