Nikay Chunav 2023: Kanpur Dehat में निकायों के 2.43 लाख मतदाता बनेंगे भाग्यविधाता, पोलिंग पार्टियों हो गई रवाना
कानपुर देहात में निकायों के 2.43 लाख मतदाता बनेंगे भाग्यविधाता।
कानपुर देहात में निकायों के 2.43 लाख मतदाता बनेंगे भाग्यविधाता। नगरीय निकाय चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के लिए गुरुवार को होने वाले मतदान के लिए बुधवार को पोलिंग पार्टियों की रवानगी हो गई है।
कानपुर देहात, अमृत विचार। नगरीय निकाय चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के लिए गुरुवार को होने वाले मतदान के लिए बुधवार को पोलिंग पार्टियों की रवानगी हो गई है। जिले के 2.43 लाख मतदाता तेरह नगर निकायों के अध्यक्ष व 190 वार्ड सदस्यों के भाग्य का फैसला आज मतपेटियों में कैद करेंगे। सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक मतदान होगा।
निकाय चुनाव मतदान के लिए बुधवार को कलक्ट्रेट परिसर से पोलिंग पार्टियों को प्रेक्षक जयशंकर दुबे, जिला निर्वाचन अधिकारी नेहा जैन व एसपी बीबीजीटीएस मूर्ति की मौजूदगी में रवाना किया गया। इस दौरान सीडीओ सौम्या पांडेय, एडीएम वित्त एवं राजस्व जेपी गुप्ता समेत अन्य अधिकारी घूम-घूमकर व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे। वहीं मतदान सामग्री लेने के बाद कर्मी मतपत्रों समेत अन्य दस्तावेजों का मिलान करते रहे।
इसके बाद बसों से मतदान केंद्रों की ओर रवाना हुए। जनपद में दो नगर पालिका व 11 नगर पंचायतों के लिए गुरुवार को मतदान होगा। इसके लिए 190 वार्डों में 130 मतदान केंद्र व 288 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। मतदान को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए जनपद में 16 जोनल मजिस्ट्रेट व 39 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं।
नगर पालिका व नगर पंचायतों में बैलेट से मतदान होगा। निर्वाचन कार्यालय के अनुसार नगर पालिका पुखरायां व झींझक में 25-25 वार्ड, नगर पंचायत अकबरपुर में 19 वार्ड, नगर पंचायत रूरा, नगर पंचायत रनियां में 16, नगर पंचायत अमरौधा में 10, नगर पंचायत मूसानगर में 15, नगर पंचायत डेरापुर में 10, नगर पंचायत कंचौसी में 10, नगर पंचायत सिकंदरा में 11, नगर पंचायत राजपुर में 14, नगर पंचायत रसूलाबाद में 13 व नगर पंचायत शिवली में 15 वार्ड हैं। गुरुवार को सभी नगर पालिका व नगर पंचायतों के 243082 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
ड्यूटी कटवाने की जुगत में रहे कार्मिक
बुधवार को पोलिंग पार्टी रवानगी के दौरान कई महिला कर्मी बच्चों को गोद मंे लेकर पहुंची। इस दौरान महिलाएं जहां मतदान सामग्री तो उनके पति बच्चों को संभालते नजर आए। वहीं कई कार्मिक ड्यूटी कटवाने की जुगत में लगे रहे। सभी ने ड्यूटी से मुक्त करने को लेकर अपने-अपने तर्क दिए। कुछ ने परिजनों की बीमारी का बहाना बनाया है तो किसी ने घर या रिश्तेदारी में मांगलिक कार्यक्रम का हवाला देकर ड्यूटी से मुक्ति चाही है। इनमे से कईयों को डयूटी कटी तो कुछ मायूस हुए।
मतदान के लिए 15 दस्तावेजों का विकल्प
निकाय चुनाव में मतदान के लिए मतदाताओं को 15 दस्तावेजों के विकल्प दिए गए हैं। जिनमें मतदाता पहचान पत्र, आधार कार्ड, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, आयकर पहचान पत्र, फोटो युक्त पहचान पत्र, बैंक पोस्ट ऑफिस की फोटो युक्त पासबुक, फोटो युक्त शस्त्र लाइसेंस समेत 15 दस्तावेज के विकल्प दिए गए हैं।
