अयोध्या : अंतिम समय भाजपा ने वार्डों को मथा, जमकर बहाया पसीना

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, अयोध्या । भाजपा से महापौर प्रत्याशी गिरीशपति त्रिपाठी को जिताने के लिए पार्टी के सभी कद्दावर नेताओं ने अंतिम दिन महानगर को अपने अपने तरीके से मथ कर लोगों से वोट की अपील की। सांसद लल्लू सिंह, नगर विधायक वेद गुप्ता, प्रथम महापौर ऋषिकेश उपाध्याय, महानगर अध्यक्ष अभिषेक मिश्र समेत तमाम नेताओं ने घर-घर जाकर लोगों से भाजपा प्रत्याशी को वोट करने की अपील की। यही नहीं भाजपा प्रत्याशी गिरीशपति त्रिपाठी ने समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचकर वोट के  जमकर पसीना बहाया।

गिरीशपति त्रिपाठी ने कहा कि अयोध्या के विकास के लिए सरकार ने हजारों करोड़ की परियोजनाएं दी है। अयोध्या की महिमा व गरिमा के अनुसार इसका विकास करना व जनअपेक्षाओं को पूरा करना प्राथमिकता होगी। सांसद लल्लू सिंह ने कहा कि केंद्र व राज्य में भाजपा की सरकार है। अयोध्या में भाजपा प्रत्याशी को जिताकर ट्रिपल इंजन की सरकार बनाएं। हर एक वार्ड में अगर भाजपा का पार्षद प्रत्याशी जीतता है तो नगर निगम में एक अच्छा बोर्ड बैठेगा।

नगर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने वार्डों में लोगों से बात करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में गुंडों, माफियाओं पर कड़ी कारवाई की गई है, जिसका परिणाम है कि यहां का परिवेश भयमुक्त हो गया है। केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ कतार में खड़े अंतिम व्यक्ति को मिल रहा है। प्रथम महापौर ऋषिकेश उपाध्याय ने अयोध्या धाम के कई वार्डों में लोगों से मनुहार की। उन्होंने कहा कि एक बार पुनः महानगर की महान जनता भाजपा का मेयर और बोर्ड चुनने जा रही है। लोगों को भरोसा है कि आने वाले कुछ दिनों में अयोध्या का नगरीय विकास देश और दुनियां के लिए नजीर होगा।

ये भी पढ़ें - हरदोई : आवारा सांड ने मूंगफली किसान को पटक-पटक कर मार डाला

संबंधित समाचार