Weather Alert: दिल्ली-UP समेत कई राज्यों में बदला मौसम, भारी बारिश का अलर्ट; जानें आपके शहर में कैसा रहेगा कल का मौसम
Weather Update: उमस और गर्मी के बाद दिल्ली-NCR समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में बारिश ने दस्तक दी है। IMD ने कई राज्यों में भारी बारिश, आंधी, तेज हवाओं और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। यूपी के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है, जबकि मध्य प्रदेश के कई इलाकों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
नई दिल्ली: उत्तर भारत में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। लंबे समय से उमस और गर्मी झेल रहे कई इलाकों में अब बारिश का दौर शुरू हो गया है। राजधानी दिल्ली में पिछले करीब 15-20 दिनों से उमस भरी गर्मी के बीच बीते दो दिनों में अच्छी बारिश देखने को मिली है। वहीं, मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में भी पिछले 24 घंटे से भारी बारिश का सिलसिला जारी है।
दिल्ली और भोपाल के अलावा उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब और हरियाणा समेत कई राज्यों में भी बारिश की गतिविधियां बढ़ी हैं। इस बीच मौसम विभाग ने कई राज्यों के लिए बारिश, आंधी-तूफान और बिजली गिरने को लेकर अलर्ट जारी किया है।
इन राज्यों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अलर्ट वाले राज्यों में दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, गुजरात, असम, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा शामिल हैं।
आंधी और बिजली गिरने की भी चेतावनी
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार मंगलवार को मध्य प्रदेश, गुजरात, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और हरियाणा के कई जिलों में तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान और बिजली गिरने की आशंका है। इस दौरान मध्यम बारिश भी हो सकती है।
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। IMD के मुताबिक तेज मौसम के दौरान पेड़ों या कमजोर ढांचों के नीचे शरण लेने से बचना चाहिए। लोगों को सड़क और ट्रैफिक की स्थिति पर नजर रखने, गैरजरूरी यात्रा से बचने और संबंधित एजेंसियों की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।
क्यों बदला मौसम का मिजाज?
मौसम वैज्ञानिक अमित कुमार के अनुसार उत्तर-पश्चिम भारत में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बादल बन रहे हैं। इसके चलते पंजाब, हरियाणा के साथ जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश की संभावना है।
वहीं मानसून ट्रफ और बादलों के बनने से छत्तीसगढ़, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में भी बारिश का अलर्ट है। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और मध्य प्रदेश में भी तेज बारिश की संभावना जताई गई है।
दिल्ली-NCR में 11 से 15 अगस्त तक कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली-NCR में 11 अगस्त को बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है और इसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके बाद 12 से 15 अगस्त तक आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। इस दौरान हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है।
दिल्ली में 11 अगस्त को अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
उत्तर प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में 11 अगस्त को कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। पश्चिमी यूपी के मेरठ, बागपत, गाजियाबाद, गौतम बुद्ध नगर (नोएडा), हापुड़, बुलंदशहर, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, शामली, मुरादाबाद, बिजनौर, अमरोहा, संभल, रामपुर, आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, अलीगढ़, एटा, हाथरस और कासगंज में भारी बारिश का अलर्ट है।
पूर्वी उत्तर प्रदेश में वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, चंदौली, गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, महाराजगंज, आजमगढ़, मऊ, बलिया, बस्ती, संत कबीर नगर और सिद्धार्थनगर में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
राजधानी लखनऊ में भी 11 अगस्त को तेज बारिश होने का अनुमान है। यहां अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
बिहार में बारिश के साथ आंधी का अलर्ट
बिहार के पूर्वी हिस्से में भागलपुर, बांका, पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज, अररिया, सहरसा, मधेपुरा और सुपौल में भारी बारिश का अनुमान है।
वहीं पश्चिमी बिहार के कैमूर, रोहतास, बक्सर, पश्चिम चंपारण, गोपालगंज, सिवान और सारण/छपरा में आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की गई है।
पटना में 11 अगस्त को अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। गया में भी बारिश का अनुमान है। यहां अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
मध्य प्रदेश के कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मध्य प्रदेश में मौसम विभाग ने भोपाल, देवास, इंदौर, मंदसौर, रायसेन, आगर-मालवा, राजगढ़, रतलाम, सीहोर, शाजापुर और उज्जैन में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
इन इलाकों में बारिश के साथ आंधी-तूफान और बिजली गिरने की आशंका है। भोपाल में 11 अगस्त को बारिश का अनुमान है। यहां अधिकतम तापमान करीब 26 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
इंदौर में भारी बारिश की चेतावनी है। यहां अधिकतम तापमान 24 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
उत्तराखंड में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट
उत्तराखंड के देहरादून, चंपावत, हरिद्वार, नैनीताल और ऊधम सिंह नगर में आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
देहरादून में 11 अगस्त को भारी बारिश का अलर्ट है। यहां अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। हरिद्वार में अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
गुजरात में भी बारिश और बिजली गिरने का खतरा
गुजरात के छोटा उदेपुर, दाहोद, नर्मदा और पंचमहल में तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।
राजधानी गांधीनगर में भारी बारिश के आसार हैं। यहां अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। अहमदाबाद में भी बारिश की संभावना है और तापमान करीब 29 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
पंजाब-हरियाणा में भी बरसेंगे बादल
पंजाब के लुधियाना, अमृतसर, जालंधर, पटियाला और बठिंडा में भारी बारिश का अनुमान है। चंडीगढ़ में भी तेज बारिश हो सकती है।
चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। लुधियाना और अमृतसर में अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री, जबकि न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
हरियाणा के अंबाला और रेवाड़ी में भारी बारिश की संभावना है। गुरुग्राम, हिसार, रोहतक, करनाल और फरीदाबाद में आने वाले दिनों में बारिश हो सकती है। यमुनानगर में आंधी-तूफान की संभावना जताई गई है।
पूर्वोत्तर भारत में 15 अगस्त तक बारिश का दौर
पूर्वोत्तर भारत में भी बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। 11 अगस्त को अरुणाचल प्रदेश, जबकि असम और मेघालय में कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है।
वहीं 11 से 15 अगस्त के बीच नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के बड़े हिस्से में बारिश होने की संभावना जताई गई है।
बारिश के दौरान क्या सावधानी बरतें?
मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। तेज आंधी और बिजली गिरने की स्थिति में खुले स्थानों, पेड़ों और कमजोर निर्माण वाले ढांचों से दूर रहना बेहतर है। गैरजरूरी यात्रा से बचें और बाहर निकलने से पहले स्थानीय मौसम एवं यातायात संबंधी अपडेट जरूर देख लें।
यह भी पढ़ेंः डूबे श्मशान घाट, कई गांवों में मड़राया बाढ़ का खतरा, अयोध्या में 65 परिवारों ने छोड़ा अपना आशियाना
