मुरादाबाद : रोडवेज बस ने बाइक को मारी टक्कर, हादसे में दो भाइयों की दर्दनाक मौत, एक घायल
मुरादाबाद, अमृत विचार। बिलारी थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात आगरा-मुरादाबाद हाईवे पर तेवरखास गांव के समीप सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। हादसे में एक युवक को गंभीर चोटें आईं। जबकि,घायल युवक का उपचार एक निजी अस्पताल में चल रहा है। घायल युवक एक मृतक का भाई व दूसरे का रिश्तेदार है। रिश्तेदारी में एक साथ दो युवकों की मौत से दो परिवारों के परिजन सदमे में हैं।
नागफनी थाना क्षेत्र में बंगला गांव के रहने वाले रितिक व नितिन सगे भाई थे। दोनों डीजे संचालन करते थे। दोनों युवक अपने बहनोई के छोटे भाई पिंटू निवासी जयंतीपुर मझोला के साथ गुरुवार को बाइक पर सवार होकर सम्भल के चन्दौसी रवाना हुए। तीनों युवक वहां आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने पहुंचे। देर रात करीब एक बजे एक ही बाइक पर सवार होकर तीनों युवक वापस मुरादाबाद लौट रहे थे। बिलारी थाना क्षेत्र में आगरा-मुरादाबाद हाईवे पर वह तेवरखास गांव के समीप पहुंचे थे। कुंदरकी से बिलारी की ओर आ रही तेज रफ्तार रोडवेज की एक बस ने उनकी बाइक में पीछे से टक्कर मार दिया।
बस की टक्कर से तीनों युवक बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े। तीनों को गंभीर चोटें आईं। हादसे की भनक लगते ही बिलारी पुलिस घटना स्थल पर पहुंची। खून से लथपथ घायलों को तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया। देर रात जिला अस्पताल क चिकित्सकों ने नितिन व पिंटू को मृत घोषित कर दिया। जबकि, रितिक का उपचार जारी है। उसकी हालत भी नाजुक बताई जा रही है। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद रितिक को हायर सेंटर रेफर कर दिया। देर रात परिजन जिला अस्पताल पहुंच गए।
मृतक नितिन की बहन शालू ने बताया कि पिता डालचंद के कहने पर सगे भाई रितिक व नितिन मेरे देवर पिंटू के साथ चन्दौसी गए थे। वहां शादी समारोह में शामिल होने के बाद तीनों वापस लौट रहे थे। हादसे के बावत प्रभारी निरीक्षक बिलारी ने बताया कि दोनों शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। तीसरे घायल युवक का उपचार जारी है। फिलहाल इस मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर के आधार पर कानूनी कार्रवाई होगी। आरोपी बस की पहचान करने में पुलिस जुटी है।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद: सरेराह बाइक सवार बदमाशों ने लूटा वृद्ध महिला के कान का कुंडल
