Fatehpur Accident : मदरसा से पढ़कर लौट रहे छात्र को ट्रक ने कुचला, ग्रामीणों ने पथराव कर लगाया जाम
फतेहपुर में ट्रक से कुचलकर छात्र की मौत।
फतेहपुर में मदरसा से पढ़कर लौट रहे छात्र को ट्रक ने कुचल दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों ने ट्रक पर पथराव कर जाम लगा दिया।
फतेहपुर, अमृत विचार। बांदा बिंदकी मार्ग में तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने मदरसा से कोचिंग पढ़कर घर लौट रहे छात्र को कुचल दिया जिससे उसकी मौके पर मौत हो गयी। हादसे की सूचना पर परिजनों और ग्रामीणों ने ट्रक पर पथराव कर दिया और हाइवे को जाम कर दिया। सूचना पर पहुची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और परिजनों को समझाकर करीब दो घंटे बाद किसी तरह जाम खुलवाया।
थाना क्षेत्र के ललौली कस्बे के नसीरखानी मोहल्ले के निवासी याकूब खान का 8 वर्षीय बेटा अरशद खान ललौली कस्बे मदरसे से साढ़े 8 बजे कोचिंग पढ़कर पैदल घर लौट रहा था। तभी बांदा बिंदकी मार्ग के सराय के पास सड़क पार करते समय बांदा से ललौली की ओर आ रहा तेज रफ्तार खाली ट्रक छात्र को कुचल दिया। जिससे छात्र की मौके पर मौत हो गयी और उसका शव क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना के बाद ट्रक छोड़कर मौके से भाग रहे चालक को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस को सौप दिया। वहीं घटना से गुस्साए परिजन और ग्रामीणों ने ट्रक पर पथराव कर शीशा तोड़ दिया और हाइवे जाम कर दिया। सूचना पर पहुची पुलिस ने परिजनों को समझाकर दो घंटे बाद किसी तरह जाम खुलवाकर यातायात बहाल करवाया। मृतक छात्र मदरसा अलहेरा ललौली में कक्षा 3 का छात्र था। बेटे की मौत से मां ताहिरा और पिता याकूब खान का रोरोकर बुरा हाल है।
मृतक अपने दो भाइयों जीशानऔर शाद मोहम्मद से बड़ा था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ट्रक को कब्जे में लेकर चालक को गिरफ्तार कर लिया है। थाना प्रभारी रवींद्र श्रीवास्तव ने बताया कि शव को पीएम के लिए भेज दिया गया है। ट्रक और चालक के खिलाफ कार्यवाही की जा रही है।
