मुरादाबाद : जिले से सबसे उम्रदराज हाजी होंगे 87 साल के सत्तार

Amrit Vichar Network
Published By Bhawna
On

इस बार हज यात्रा पर जाएंगे 2702 आजमीन

मुरादाबाद, अमृत विचार। हज यात्रियों को लेकर 21 मई को देश से पहली उड़ान होगी। जनपद से इस बार 2702 आजमीन हज यात्रा के लिए रवाना होंगे। इनमें सबसे ज्यादा उम्रदराज 87 साल के सत्तार हैं। वह हज यात्रा के बाद सबसे ज्यादा उम्र के हाजी कहलाएंगे। हज का सफर मुकद्दस माना जाता है। यहां से हजारों लोग हज यात्रा के लिए जाते हैं। इस बार जनपद से पुरुष, महिलाएं व किशोर मिलाकर 2702 लोग हज के सफर के लिए जाएंगे। पुरुष यात्रियों की संख्या 1429 एवं महिलाओं की संख्या 1273 होगी। 

बुर्जुगों में 60 से लेकर 80 साल तक के लोग शामिल हैं। हजयात्रा पर जाने वाले लोगों की सूची में संभल रोड स्थित गांव अहलादपुर निवासी 87 साल के मोहम्मद सत्तार का भी शामिल हैं। वह आजमीनों की सूची में सबसे ज्यादा उम्रदराज हैं। इनके अलावा जिले से सबसे कम उम्र के लोगों में 12 साल के अमान और इलमा हैं। ये दोनों बच्चे हज यात्रा पर जाने वाले सबसे कम उम्र के लोगों में शामिल हैं। फिलहाल शहर व देहात क्षेत्र में शिविर में हज आजमीनों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। 15 मई तक सभी को हज यात्रा के खर्च की आखिरी किश्त जमा करनी है।

बॉम्बे मर्केंटाइल बैंक में मिल रहे रियाल
मुरादाबाद। हज आजमीनों के लिए हज कमेटी ऑफ इंडिया ने सऊदी मुद्रा रियाल की व्यवस्था खुद करने को कहा है। जिससे आजमीन परेशान हैं। हालांकि बॉम्बे मर्केंटाइल को-ऑपरेटिव बैंक की ओर रियाल की व्यवस्था की जा रही है। हज कमेटी ऑफ इंडिया ने नियमों में कुछ बदलाव किए हैं। इसमें आजमीनों को यही से सऊदी रियाल का इंतजाम करना होगा। इस बार हज कमेटी की ओर से रियाल की व्यवस्था नहीं की गई है। इससे पहले हज कमेटी हरेक आजमीन को 2500 सऊदी रियाल देती थी। शहर के वाजिद नगर स्थित बॉम्बे मर्केंटाइल को-ऑपरेटिव बैंक के मैनेजर जफर हुसैन रिजवी ने बताया कि हमारे यहां आजमीनों के लिए सऊदी रियाल की व्यवस्था की गई है। अब तक 100 लोगों को रियाल दिए गए हैं।

ये भी पढ़ें :  मुरादाबाद: शहर में 13 घंटे तक प्रवेश नहीं कर सकेंगे भारी वाहन

संबंधित समाचार