लखनऊ: निर्माणाधीन कॉम्पलेक्स समेत रो-हाउस सील, एलडीए ने की कार्रवाई, जानें वजह
लखनऊ/अमृत विचार। लखनऊ विकास प्राधिकरण की टीम ने अभियान चलाकर निर्माणाधीन कॉम्पलेक्स, गो-डाउन व रो-हाउस सील कर दिया। जो बिना मानचित्र स्वीकृति के बनाए जा रहे थे। शुक्रवार को जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी के निर्देश पर जोन-2 में बिना मानचित्र हो रहे निर्माण के खिलाफ पुलिस बल के साथ अभियान चलाया गया।
इस दौरान टीम को शहीद पथ पर लुलु माॅल के सामने गोकुल धाम में टीनशेड का गो-डाउन संचालित मिला। जो अजय अग्रवाल व अन्य द्वारा बनाया गया था। मौके पर टीम ने गो-डाउन सील कर दिया। इसके अलावा सुल्तानपुर रोड पर खुर्दही पेट्रोल पंप के सामने माढ़रमऊ में चार रो-हाउस भवनों का निर्माण बिना मानचित्र स्वीकृति के करते पाया। जो संदीप कुमार, वसीम व अन्य द्वारा बनाया जा रहा था और सील कर दिया गया।
इसी तरह बिजनौर थानाक्षेत्र के अंतर्गत औरंगाबाद जागीर, राॅयल सिटी पार्ट-2 में मोहम्मद शकील व अन्य द्वारा दो रो-हाउस का गलत तरह से निर्माण कराते पकड़ा। मौके पर इन बिल्डरों द्वारा आरसीसी काॅलम व चिनाई की जा रही थी। जो सील कर दिया। वहीं, ब्लू हार्स बिल्डर्स प्राइवेट लिमिटेड के रमेश कुमार मिश्रा व अन्य द्वारा सुशांत गोल्फ सिटी में स्वीकृत मानचित्र के विपरीत काॅम्पलेक्स का निर्माण करते पकड़ा और एक तल का निर्माण करने पर सील कर दिया।
यह भी पढ़ें:-लखनऊ: शहरवासियों के सुझाव से बनेगा 2047 का प्लान, एलडीए ने मंगाए ड्रॉप बॉक्स
