UP Nikay Chunav 2023: प्रयागराज नगर निगम में भाजपा का लहराया परचम, जानें अन्य दलों की स्थिति
प्रयागराज। प्रयागराज नगर निगम में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी ने अपना परचम लहराया है, जहां महापौर पद के लिए भाजपा प्रत्याशी उमेश चंद्र गणेश केसरवानी का निर्वाचन लगभग तय है, वहीं 100 सीटों वाले सदन में भाजपा के 52 पार्षद प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की है।
चुनाव अधिकारी हर्षदेव पांडेय के मुताबिक, महापौर पद के लिए भाजपा प्रत्याशी उमेश चंद्र गणेश केसरवानी ने अब तक कुल 2,05,801 मत प्राप्त किए हैं, जबकि उनके निकटतम प्रतिदंद्वी सपा के अजय कुमार श्रीवास्तव ने 93,542 मत प्राप्त किए हैं।
राज्य निर्वाचन आयोग, उत्तर प्रदेश द्वारा जारी प्रयागराज नगर निगम के विजयी पार्षद प्रत्याशियों की सूची के मुताबिक 52 सीटें भाजपा के खाते में आई हैं, जबकि 17 सीटें निर्दलीय प्रत्याशियों ने जीती हैं। वहीं 16 सीटों पर सपा, 4 सीटों पर कांग्रेस, 2 सीटों पर बसपा, 2 सीटों पर एआईएमआईएम और एक सीट पर निषाद पार्टी के प्रत्याशी ने जीत दर्ज की है।
इस तरह से प्रयागराज नगर निगम के सदन में भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ काम कर सकेगी। चुनाव प्रचार के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नगर में एक जनसभा में लोगों से नगर निगम में भाजपा को पूर्ण बहुमत दिलाने की अपील की थी।
यह भी पढ़ें:-यूपी निकाय चुनाव 2023: अतीक के गढ़ में नहीं खिला कमल, साइकिल ने लगाई दौड़
