बदायूं: तीन नगर पालिका और छह नगर पंचायतों में लहराया भगवा
उझानी में भाजपा प्रत्याशी पूनम अग्रवाल, दातागंज में नैना गुप्ता, बिल्सी से ज्ञानवती सागर जीतीं
बदायूं, अमृत विचार: निकाय चुनाव में जिले की सात नगर पालिका परिषद में तीन अध्यक्ष पद पर भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों ने जीत हासिल की है। उझानी में पूनम अग्रवाल, बिल्सी में ज्ञान देवी सागर, दातागंज नैना गुप्ता ने अपने प्रतिद्वंदी को हराकर जीत हासिल की। नगर पालिका परिषद बदायूं की सीट पर सपा समर्थित निर्दलीय प्रत्याशी फात्मा रजा ने जीती है।
सहसवान में निर्दलीय मीर हाजी अली उर्फ बाबर मियां, ककराला में निर्दलीय इंतखाब सकलैनी ने जीत हासिल की है। बिसौली में सपा समर्थित निर्दलीय प्रत्याशी अबरार अहमद ने अध्यक्ष पद पर लगातार तीसरी बार जीत हासिल कॉल रिकॉर्ड बनाया है। जिले में कुल सात नगर पालिका परिषद हैं।
शनिवार को निकाय चुनाव के मतों की गिनती हुई। नगर पालिका परिषद बदायूं में सपा समर्थित पूर्व राज्यमंत्री आबिद रजा की पत्नी फात्मा राजा ने अपनी प्रतिद्वंदी भारतीय जनता पार्टी की निवर्तमान चेयरमैन दीपमाला गोयल को 5 हजार 485 मतों से पराजित किया है। फात्मा रजा को कुल 27 हजार 571 और 22 हजार 86 वोट मिले। तीसरे नंबर पर रहीं नाजमी को 6 हजार 756 वोट मिले।
भाजपा की दीपमाला गोयल को पिछली बार यह सीट फातिमा से ही जीती थी। मगर इस बार वह इसे बचाने में कामयाब नहीं हो पाईं। उझानी में भाजपा प्रत्याशी पूनम अग्रवाल ने सपा समर्थित रजनीश गुप्ता को 5469 रिकॉर्ड मतों से परास्त किया है। पूनम अग्रवाल लगातार चौथी बार चेयरमैन निर्वाचित हुई हैं। उन्हें कुल 14798 वोट मिले, जबकि सपा समर्थित रजनीश गुप्ता को 9329 वोट मिले हैं।
मालूम हो कि कुछ महीने पहले ही पूनम अग्रवाल सपा छोड़कर भाजपा में शामिल हुई हैं। भाजपा ने उन्हें टिकट देकर इस बार भी मैदान में उतारा और सपा से चेयरमैन की सीट जीत ली। उधर कांटेदार मुकाबले में भाजपा ने बिल्सी सीट भी अपने में कब्जे में रखी है। यहां भाजपा प्रत्याशी ज्ञान देवी सागर ने अपनी प्रतिद्वंदी सपा समर्थित पूर्व चेयरमैन सुषमा मौर्य को 91 मतों से पराजित किया है। भाजपा यह सीट बचाने में कामयाब रही है। पिछली बार बिल्सी से भाजपा के अनुज वार्ष्णेय विजयी हुए थे।
सहसवान में निर्दलीय मीर हाजी अली उर्फ बाबर मियां ने जीत हासिल की है। उन्होंने अपने प्रतिद्वंदी भाजपा के अनुज माहेश्वरी को 2758 मतों से हराया है। वहीं, बिसौली में भाजपा प्रत्याशी हरिओम पाराशरी भी पराजित हुए हैं। उन्हें निवर्तमान चेयरमैन सपा समर्थित निर्दलीय अबरार अहमद ने हराया है। अबरार अहमद लगातार तीसरी बार निर्वाचित हुए हैं। नगर पालिका परिषद ककराला में निर्दलीय इंतखाब सकलैनी 2291 मतों से विजयी हुए हैं।
उन्होंने बसपा प्रत्याशी व पूर्व विधायक मुस्लिम खां को पराजित किया है। नगर पालिका परिषद दातागंज में भाजपा अपनी सीट बचाने में कामयाब रही है। यहां इस बार भाजपा प्रत्याशी नैना गुप्ता ने जीत हासिल की है। उन्होंने अपने सपा प्रत्याशी मुकेश शर्मा को 1612 मतों से हराया है। नैना गुप्ता को कुल 6 हजार 108 वोट मिले, जबकि मुकेश शर्मा को 4496 वोट प्राप्त हुए।
छह नगर पंचायतों में खिला कमल, वजीरगंज व इस्लामनगर में बसपा जीती: जिले की 14 नगर पंचायतों में से सत्तारूढ़ भाजपा को केवल छह सीटों पर जीत मिली। दो नगर पंचायतों वजीरगंज और इस्लामनगर में बसपा के प्रत्याशी जीते हैं। अलापुर में आजाद समाज पार्टी और पांच स्थानों पर निर्दलीय प्रत्याशियों को विजय मिली है। हालांकि भाजपा ने नगर पंचायत उसहैत व उसावां सीट गवां दी है।
नगर पंचायत कछला से भाजपा प्रत्याशी जगदीश लोनिया ने चुनाव जीता है। नगर पंचायत कुवरगांव में भी भाजपा का कमल खिला है। यहां भाजपा प्रत्याशी ज्योति रावत को 1051 वोटों से विजयी घोषित किया गया। पहली बार नगर पंचायत बनीं दहगवां से भाजपा प्रत्याशी पार्वती 532 वोटों से जीती हैं।
यह शहर भाजपा विधायक व पूर्व राज्यमंत्री महेश चंद्र गुप्ता का गृह कस्बा है। उन्हीं के प्रयासों के चलते दहगवां को नगर पंचायत का दर्जा मिला। नगर पंचायत मुड़िया से भाजपा प्रत्याशी अनुपम पाठक विजयी घोषित हुई है। नगर पंचायत गुलड़िया से भाजपा प्रत्याशी तारादेवी 438 वोटों से जीती हैं।
नगर पंचायत रुद्रायन में भी भाजपा का कमल खिला है। इस सीट पर भाजपा प्रत्याशी सीमा चौधरी 754 वोट से विजयी हुई हैं। नगर पंचायत उसहैत में निर्दलीय प्रत्याशी नवाब हसन, नगर पंचायत उसावां की निर्दलीय प्रियंका सिंह चौहान चुनाव जीती हैं। भाजपा से टिकट न मिलने पर प्रियंका ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन कराया और जीत हासिल की। पिछली बार ये दोनों सीटें भाजपा प्रत्याशियों ने जीती थीं।
नगर पंचायत सखानू में निर्दलीय मोहम्मद फैसल और फैजगंज बेहटा बेहटा से पूर्व चेयरमैन इसरार खां को जीत मिली हैं। ये दोनों निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में मैदान में थे। नगर पंचायत इस्लामनगर में बसपा के निशांत नाजिम 455 मतों से चुनाव जीते हैं। वहीं, वजीरगंज में छह बार हुई मतगणना के बाद नूरसभा बेगम को विजयी घोषित किया गया।
ये भी पढ़ें - बदायूं: पहले राउंड में भाजपा की दीपमाला 879 वोटों से आगे
