लखीमपुर-खीरी: किशोरी की मौत मामले में आत्महत्या के लिए उकसाने की दो के खिलाफ रिपोर्ट

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी से परेशान थी किशोरी

लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार। कोतवाली सदर क्षेत्र में 16 वर्षीय किशोरी के आत्महत्या करने के मामले में पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की रिपोर्ट दर्ज की है। मृतक किशोरी की मां का कहना है कि आरोपियों ने उसकी पुत्री की निर्वस्त्र वीडियो बनाई थी और वायरल करने की धमकी देकर उसे परेशान कर रहे थे। इससे किशोरी मानसिक रूप से परेशान थी।

शहर की एक कांशीराम कॉलोनी निवासी 16 वर्षीय किशोरी ने 13 दिन पहले घर के अंदर पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिवार वालों को सौंप दिया था। इस मामले में अब नया मोड़ आ गया है। मृतक किशोरी की मां ने सदर कोतवाली पुलिस को दो युवकों के खिलाफ तहरीर दी है और उन पर किशोरी को छेड़छाड़ कर परेशान करने का आरोप लगाया है। 

दर्ज कराई गई रिपोर्ट में महिला ने कहा है कि आठ मार्च को आरोपी शिवांशु मिश्रा उर्फ बजरंगी और कल्लू ने पुत्री की निर्वस्त्र अवस्था की वीडियो बनाई और गलत काम करने का दबाव बना रहे थे। बात न मानने पर वीडियो वायरल करने की धमकी दे रहे थे।

29 अप्रैल की दोपहर करीब तीन बजे दोनों आरोपियों ने किशोरी से मारपीट की थी और जान से मारने की धमकी दी थी। इसके बाद मानसिक रूप से परेशान किशोरी ने पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली। प्रभारी निरीक्षक सदर चंद्रशेखर सिंह ने बताया कि मृतक किशोरी की मां की तहरीर पर शिवांशु मिश्रा उर्फ बजरंगी और कल्लू के खिलाफ आत्महत्या के लिए प्रेरित करने की रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें- लखीमपुर में नगर पालिका की तीन और नगर पंचायतों की दो सीटों पर खिला कमल

संबंधित समाचार