संभल: भाई की ससुराल से लौटे युवक का पेड़ पर लटका मिला शव
परिजनों ने भाई के ससुरालियों पर लगाया युवक की हत्या का लगाया आरोप, भाई की ससुराल में मारपीट के बाद जंगल में पेड़ से लटका मिला शव
संभल/रजपुरा, अमृत विचार। रजपुरा थाना क्षेत्र में युवक का शव जंगल में बबूल के पेड़ पर रस्सी के फंदे से लटका मिला। परिजनों ने युवक के भाई के ससुराल वालों पर हत्या करने का आरोप लगाया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना क्षेत्र के गांव चंदू नगला निवासी राकेश शनिवार को पिता गनीराम, चाचा युवराज के साथ भाभी राजवती पत्नी निकेंद्र को बुलाने के लिए उसके गांव अमावती थाना कैला देवी गया था। वहां दहेज को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि निकेंद्र के ससुरालियों ने उनके साथ मारपीट की। इस मामले में गनीराम ने कैला देवी पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई।
वापस अपने गांव चंदू नगला लौटने के बाद शाम को राकेश छुट्टा गोवंश पशुओं को भगाने के लिए खेत पर चला गया। इसके बाद वह घर नहीं लौटा। रविवार की सुबह करीब पांच बजे राकेश का शव गांव सेमरी के जंगल में बबूल के पेड़ पर रस्सी से लटकता हुआ मिला।
कुछ ही देर में मौके पर परिजन और ग्रामीण पहुंच गए। शव देखकर परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। परिजनों ने युवक के भाई के ससुरालियों पर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
ये भी पढ़ें:- जर्मनी के नेताओं से बातचीत करने पहुंचे Volodymyr Zelensky, बोले- रूसी क्षेत्र पर हमला की योजना नहीं
