अयोध्या: संघ कार्यालय वाले वार्ड में निरक्षर सपा प्रत्याशी ने भाजपा को हराया

Amrit Vichar Network
Published By Jagat Mishra
On

अमृत विचार, अयोध्या। नगर निगम में वार्डों के चुनाव में पार्षद की 27 सीटें जीतकर भले ही भारतीय जनता पार्टी थोड़ा राहत मान रही है, लेकिन कुछ वार्डों में निर्दल व सपाइयों ने उनके छक्के छुड़ा दिए हैं। ये ऐसे वार्ड हैं जिनका न सिर्फ भाजपा से सरोकार रहा बल्कि राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ से जुड़े लोगों यहां अक्सर आना जाना लगा रहता था। इसके बावजूद भाजपा को मुंह की खानी पड़ी। अब इन वार्डों में भाजपाइयों को हार सुई की तरह चुभ रही है। 
     
देवकाली स्थित वार्ड नंबर 33 साकेत नगर वार्ड वह इलाका है जहां आरएसएस कार्यालय साकेत निलियम है। यहां अक्सर संघ के बड़ों व भाजपाइयों का आना जाना लगा रहता है। बैठकी भी होती है। आरएसएस से जुड़े तमाम पदाधिकारी आपको यहां कुंडली मारे दिख जाएंगे। सर संघ चालक मोहन भागवत भी यहीं आकर रुकते हैं। यह वार्ड भाजपाइयों के लिए बेहद महत्वपूर्ण था, लेकिन नतीजा आने के बाद भाजपाई शर्म से पानी-पानी हो गए। दरअसल इस वार्ड में भाजपा का एक निष्ठावान कार्यकर्ता पिछले एक वर्षों से न सिर्फ वार्ड में काम कर रहा था बल्कि टिकट के लिए भाजपा के बड़े नेताओं के चौखटों को चूम रहा था, लेकिन जब टिकट बंटना शुरू हुआ तो उसे लॉलीपॉप देकर बैठा दिया गया। इसी वार्ड की निशा श्रीवास्तव पत्नी मनोज कुमार श्रीवास्तव को भाजपा ने पार्षद प्रत्याशी बना दिया। 

सपा से निरक्षर प्रत्याशी कौसर पत्नी मंसूर को मैदान में उतारा गया था। दोनों ही प्रत्याशियों में कड़ी टक्कर थी, लेकिन नतीजे चौंकाने वाले आए। सपा प्रत्याशी कौसर ने भाजपा की निशा श्रीवास्तव को चारों खाने चित कर दिया। कौसर ने 183 मतों के अंतर से जीत दर्ज करते हुए वार्ड में पार्टी का परचम लहरा दिया। इसी तरह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जहां पर (लक्ष्मण घाट वार्ड) दीपोत्सव का भव्य आयोजन करते हैं। वहां भी सपा प्रत्याशी प्रिया शुक्ला ने जीत दर्ज की। 

मणिरामदास छावनी वार्ड जिसमें राम मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास और नव निर्वाचित मेयर गिरीशपति त्रिपाठी का तीन कलश मंदिर आता है और यहीं पर सीएम ने अंतिम दौर में साधु-संतों और प्रबुद्ध जनों को सम्मेलन में साधा था। इस वार्ड में भाजपा को निर्दल प्रत्याशी आभा पांडेय ने हराया। भाजपा यहां तीसरे नंबर पर गई। वहीं अभिरामदास वार्ड पर जहां भाजपा के पार्षद टिकट को लेकर खासी कचकच हुई थी यहां भी निर्दल प्रत्याशी सुल्तान अंसारी जीत गए। भाजपा यहां भी तीसरे नंबर पर गई।

ये भी पढ़ें -बहराइच में बृजभूषण शरण सिंह की गिरफ्तारी को लेकर प्रदर्शन

 

संबंधित समाचार