ईंट भट्टा मालिक से साझेदारी का लालच देकर 50 लाख की ठगी, एडीजी के आदेश पर 5 के खिलाफ केस दर्ज
बरेली/भमोरा। ईट भट्टे में साझेदारी का लालच देकर एक ईंट भट्टा मालिक ने पचास लाख रुपए की रकम ठग ली। पीड़ित को भट्टे में न तो साझेदारी मिली और ना ही उसे उसकी रकम वापस की गई। एडीजी के आदेश पर पांच आरोपियो के विरुद्ध धोखाधड़ी समेत अन्य संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
बरेली के थाना सीबीगंज के चंदपुर जोगियान गांव के रहने वाले पूर्व प्रधान बुंदन शाह उर्फ पप्पू ने बताया कि उनका बादशाह नगर में उत्तम ब्रिक फील्ड के नाम से ईट भट्टा है। कुछ समय पहले गांव बल्लिया थाना भमोरा का रहने वाला विनोद गुप्ता इनके पास पहुंचा उसने बताया कि उसके बल्लिया में दो ईट भट्टे हैं,अगर बुंदन उससे पार्टनरशिप कर लेते हैं तो किसी ग्राहक को ज्यादा ईट की जरूरत पड़ेगी तो वह यहां से ईट दिलवा देगा या अपने भट्टो से भी ईट दे देगा।
बुदन ने इस मामले में अपने अन्य पार्टनर कृष्ण अवतार,आरिफ अली, संजीव गर्ग,अतीक उर रहमान से सलाह कर आरोपी विनोद से पार्टनरशिप कर ली। पीड़ित सहित अन्य पार्टनर ने जालसाज को करीब पचास लाख रुपए की रकम कई चेक के जरिए दे दी।
कुछ समय तक जब न तो ईंटों का ही लेनदेन हुआ और ना ही फायदे का तब पीड़ित को आरोपी विनोद गुप्ता पर कुछ शक हुआ तो वह भमोरा जाकर उससे मिले और अपने रुपए वापस मांगे, आरोप है कि आरोपी ने 50 लाख की रकम देने से मना कर दिया और जान से मारने की नीयत से तमंचे से उनके ऊपर फायर कर सब को वहां से भगा दिया और कहा कि दोबारा आए तो जान से मार दूंगा। घबरा कर सभी वहां से लिखित शिकायती पत्र लेकर भमोरा थाने पहुंचे। मगर भमोरा थाने में उनकी कोई सुनवाई नहीं हुई।
जिस पर पीड़ित एडीजी के यहां पर पेश हुए। एडीजी के आदेश पर आरोपी विनोद गुप्ता, उसकी पत्नी राखी गुप्ता, पुत्र रजत गुप्ता कुश गुप्ता व ईट भट्टे के कर्मचारी पर बलवा करना, जान से मारने का प्रयास करना, गाली गलौज,मारपीट,जालसाजी समेत अन्य धाराओ में मुकदमा दर्ज कराया है।
ये भी पढ़ें : मुंबई में रिसाव के बाद गैस सिलेंडर फटा, दो बच्चों समेत छह लोग झुलसे
