Hamirpur News : पीपल की छांव में खड़ा था शिक्षक, 200 मीटर घसीट ले गई लोडर, हो गई मौत
हमीरपुर में लोडर में फंसकर 200 मीटर घसीटने में शिक्षक की मौत।
हमीरपुर में लोडर में फंसकर 200 मीटर घसीटने में शिक्षक की मौत हो गई। बाइक से लौटते लू से बचने के लिए हाईवे किनारे पीपल के पेड़ के नीचे शिक्षक खड़ा था।
हमीरपुर, अमृत विचार। मंगलवार को दोपहर स्कूल से पढ़ाकर बाइक से घर लौट रहे बाइक सवार सहायक अध्यापक भीषण लू के बीच हमीरपुर राठ हाईवे पर पौथिया गांव में दुर्गा मंदिर टंकी के पीपल की छांव में कुछ देर के लिए ठहर गए। तभी खड़ी बाइक में पिकप लोडर ने पीछे से टक्कर मार अध्यापक को करीब 200 मीटर तक घसीटते चली गई। गंभीर रूप से घायल को मौके पर पहुंची थाना ललपुरा पुलिस ने अपनी गाड़ी से जिला अस्पताल भेजा। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
ललपुरा थानाक्षेत्र के पौथिया गांव में दुर्गा मंदिर टंकी के पास हमीरपुर शहर के रहुनियां निवासी बाइक सवार शिवम् निगम (28) पुत्र दिनेश कुमार मंगलवार को मुस्करा थानाक्षेत्र के कमोखर गांव के प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक थे। वहां से दोपहर में पढ़ाकर लौट रहे थे। धूपतेज और लू चलने के कारण वह पौथिया में सड़क किनारे दुर्गा मंदिर के पास पीपल के पेड़ की छाया बाइक में बैठे ले रहे थे।
तभी पीछे से बेकाबू पिकप लोडर ने बाइक सवार शिक्षक टक्कर मारते हुए करीब दो सौ मीटर तक घसीटा और लोडर पुलिया में जाकर टकरा गया। हादसे की सूचना पर पहुंची ललपुरा पुलिस ने घायल शिक्षक को जिला अस्पताल भेजा। जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। शिक्षक संदीप सिंह चंदेल ने बताया कि मूलरूप से यह जनपद जालौन के थाना कदौरा कस्बा के रहने वाले हैं। उनके पिता सरकारी विभाग में कर्मचारी थे।
पिछले साल वह सेवानिवृत हुए हैं। यहां शहर में रहुनियां धर्मशाला व सुनराही गली में उनके दो मकान हैं। मृतक सहायक अध्यापक अपने मां बाप का इकलौता बेटा था। उसके एक बहन की शादी हो चुकी है। अभी अविवाहित था। उसकी शादी का रिश्ता उरई में चल रहा था। शिक्षक के परिजन लड़की देख आए थे। उधर ललपुरा पुलिस ने चालक व पिकप लोडर को ललपुरा थाने में खड़ा किया।
