Kannauj Theft : दरोगा भाइयों समेत दो घरों से आठ लाख की चोरी, सोते रहे परिजन, खिड़की तोड़ कर मकान में घुसे चोर
कन्नौज में दरोगा भाइयों समेत दो घरों से आठ लाख की चोरी।
कन्नौज के मानीमऊ क्षेत्र में दरोगा भाइयों समेत दो घरों से आठ लाख रुपये की चोरी की गई। सूचना पाकर पुलिस ने घर पहुंचकर छानबीन की।
कन्नौज, अमृत विचार। मानीमऊ क्षेत्र के गांव नारायनपुर्वा में चोरों ने दरोगा भाइयों समेत दो मकानों से लाखों रुपये के जेवरात चोरी कर लिए। जानकारी पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की।
सदर कोतवाली क्षेत्र के नारायणपुरवा गांव निवासी जितेन्द्र कटियार और सुबोध कटियार के घरों को चोरों ने निशाना बनाया। दोनों घरों से सोने-चांदी के जेवरात और नगदी समेत कीमती सामान पार कर दिया। जितेंद्र कटियार के घर रात चोर मकान के पीछे लगी खिड़की तोड़ कर मकान के अंदर प्रवेश कर गए। कमरों में घुस कर चोरों ने अलमारी, लॉकर, बक्से तोड़ कर करीब छह लाख रुपये के जेवर चोरी कर लिए।
सुबह होने पर परिजनों को चोरी होने की तब जानकारी हुई जब कमरे में सामान बिखरा पड़ा पाया। जितेंद्र ने चोरी होने की जानकारी सबसे पहले अपने दरोगा पुत्रों को दी। बताया जाता है कि जितेंद्र कटियार का एक पुत्र प्रशांत कटियार फतेहपुर जनपद में तो दूसरा पुत्र हेमंत खीरी जनपद में तैनात है। इसी तरह चोरों ने गांव के ही निवासी सुवोधकटियार के मकान से भी चोरों ने अलमारी का लॉकर तोड़ कर करीब 1 लाख 50 हजार रुपये के जेवरात पार किए। यहां पर भी परिजनों को चोरी होने की जानकारी नहीं हो सकी।
दोनों घरों से लाखों रुपये के जेवरात चोरी होने पर परिजन के होश उड़ गए। सूचना पर मानीमऊ चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे। पुलिस ने सबसे पहले चोरों के मकान में प्रवेश करने के स्थान को खंगाला। इसके बाद आसपास के मकानों के लोगों से घटना के बारे में जानकारी ली। चोरी के मामलों की तहरीर पुलिस को दी गई है।
