बरेली: पटरी पर लौटने लगी रेल यातायात व्यवस्था, दो दिन बाद फिर दिक्कत
बरेली, अमृत विचार। पिछले करीब दो सप्ताह से ताबड़तोड़ ब्लॉक के कारण बेपटरी चल रहा रेल यातायात आखिरकार मंगलवार को पटरी पर लौटता दिखा। निरस्त चल रहीं कई ट्रेनें फिर से संचालित होने लगी हैं। डायवर्ट कर चलाई जा रहीं त्रिवेणी एक्सप्रेस, काठगोदाम लखनऊ एक्सप्रेस जैसी ट्रेनें पहले की तरह अपने निर्धारित रूट से चलाई गईं। इसके अलावा डाउन लाइन पर राज्यरानी मेरठ से निरस्त रही, लेकिन अप लाइन पर यह ट्रेन मंगलवार को लखनऊ से चलाई गई। हालांकि दो दिन बाद 20 और 21 मई को ब्लॉक की वजह से 18 ट्रेनें निरस्त रहेंगी, जिससे फिर परेशानी होगी।
ट्रेनों के पटरी पर वापस लौटने का असर स्टेशन पर भी देखने को मिला। जंक्शन से जहां यात्रियों की भीड़ पिछले काफी समय गायब थी लेकिन मंगलवार को काफी संख्या में यात्री पहुंचे। रेल प्रशासन का दावा है कि ब्लॉक लेकर जो कार्य किये गए हैं, उनसे रेल यातायात को गति मिलेगी। मूढ़ापांडे-दलपतपुर में ब्लॉक लेकर जो ब्रिज ठीक किया गया है, वहां प्रतिबंधित गति से पिछले तीन साल से ट्रेनें चलाई जा रहीं थीं। अब इन ट्रेनों को पूरी रफ्तार के साथ संचालित किया जाएगा। वहीं बंथरा स्टेशन पर भी इस दौरान कई कार्य किए गए। जिसमें कृभको फर्टिलाइजर साइडिंग से कनेक्टिविटी, स्टेशन यार्ड में दो पुलों का विस्तार, स्टेशन पर नई इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग जैसे कार्य हैं। जबकि रोजा स्टेशन पर ले आउट में सुधार के साथ यार्ड में सुधार किया गया है। जिससे यार्ड में मालगाड़ियों की रफ्तार में बढ़ोतरी हुई है।
20 और 21 मई को निरस्त होंगी 18 ट्रेनें
मुरादाबाद शाहजहांपुर सेक्शन में ब्रिज पर गर्डर रखने के लिए अब 20 और 21 मई को ब्लॉक लिया जाएगा। ऐसे में यात्रियों की मुश्किल एक बार फिर बढ़ेगी। मुरादाबाद रेल मंडल प्रशासन ने 18 ट्रेनें निरस्त होने की जानकारी दी है। जिसमें बरेली जंक्शन से गुजरने वाली भी काफी ट्रेनें शामिल हैं। 22454 राज्यरानी एक्सप्रेस, 15128 काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस, 14618 जनसेवा एक्सप्रेस, 12584 आनंद विहार-लखनऊ एसी डबल डेकर, 22552 जालंधर सिटी-दरभंगा, 12210 कानपुर सेंट्रल गरीब रथ एक्सप्रेस, 04375 अलीगढ़ बरेली पैसेंजर, 04377 अलीगढ़ बरेली पैसेंजर, 04366 मुरादाबाद-बरेली पैसेंजर निरस्त रहेगी। वहीं 20 मई को 04304 दिल्ली-बरेली पैसेंजर, 22453 राज्यरानी एक्सप्रेस, 15127 काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस आदि ट्रेनें निरस्त रहेंगी। दूसरी तरफ राजधानी एक्सप्रेस, सियालदह एक्सप्रेस, हिमगिरी एक्सप्रेस जैसी ट्रेनें डायवर्ट रहेंगी। इसलिए इनका स्टापेज बरेली जंक्शन पर निरस्त रहेगा।
ये भी पढे़ं- बरेली: बच्चों और ग्रामीणों को टीबी रोग से बचाव के प्रति किया जागरूक
