Kanpur के युवक की Chitrakoot के मंदाकिनी नदी में डूबकर मौत, घाट पर होने वाले हादसे चिंता का सबब

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर के युवक की चित्रकूट के मंदाकिनी नदी में डूबकर मौत।

कानपुर के युवक की चित्रकूट के मंदाकिनी नदी में डूबकर मौत हो गई। नहाते समय गहराई में चला गया और फिर निकल नहीं सका।

चित्रकूट, अमृत विचार। साथियों के साथ तीर्थक्षेत्र आए युवक नहाते समय मंदाकिनी नदी की गहराई में चला गया। जब तक उसे निकाला जाता, सांसें थम चुकी थीं। पुलिस ने परिजनों को सूचना दी तो वहां रोनापीटना मच गया। 

घटना मंगलवार भोर की है। बताया जाता है कि जनपद कानपुर देहात अंतर्गत थाना डेरापुर के हसनपुर मजरे डुबकी निवासी शनि कटियार (30) पुत्र अशोक कटियार बीते दिन अपने छह साथियों के साथ चित्रकूट किसी शादी समारोह में शामिल होने आया था। सभी लोगों ने मंदाकिनी नदी में स्नान का कार्यक्रम बनाया और मंगलवार सुबह मंदाकिनी घाट पहुंचे। सुबह लगभग पांच बजे शनि भी साथियों के साथ मंदाकिनी में स्नान कर रहा था।

इस दौरान वह गहराई में चला गया। नहाने में मशगूल अन्य साथियों का जब ध्यान गया तो शनि को न देखकर चीखपुकार की। आसपास के लोगों के साथ उसे खोजा गया तो वह पानी में अचेत मिला। किसी तरह उसे निकाला गया और पुलिस को सूचना दी गई। जानकीकुंड अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। चित्रकूट (मप्र) थाना प्रभारी हीरालाल मिश्रा ने बताया कि युवक के परिजन पोस्टमार्टम के बाद शव को लेकर कानपुर चले गए। 

आरोग्यधाम घाट पर होने वाले हादसे चिंता का सबब

आरोग्यधाम में पिछले सालों में हुए हादसे चिंता का विषय हैं। यहां घाट पर उमड़ने वाली भीड़ और बचाव के न के बराबर साधन बाहर से आने वाले लोगों की असमय मौत की वजह बन रहे हैं। चर्चा तो यहां तक है कि यहां देर रात तक असामाजिक तत्वों का जमावड़ा भी लगने लगा है, जो यहां स्विमिंग पूल की तर्ज पर स्नान कर मौजमस्ती करते हैं। मंदाकिनी नदी के रामघाट और राघव प्रयाग घाट की बजाय लोग आरोग्यधाम के घाट में स्नान करने ज्यादा आते हैं। यहां के घाट को ऐसा बनाया गया है, जो स्विमिंग पूल का भान देता है। सुरक्षा की भी कोई व्यवस्था यहां नजर नहीं आती। न ही किसी तरह के संकेतक यहां पर लगे हैं, जो बाहर से आने वाले लोगों को चेताएं कि आगे जाने से डूबने का खतरा है। साधु-संतों ने भी यहां की स्थिति पर चिंता जताई है।

संबंधित समाचार