अयोध्या : रामपथ पर जेसीबी ने उखाड़ दी अंडरग्राउंड केबल, बिजली आपूर्ति ठप
अमृत विचार, अयोध्या। सआदतगंज से अयोध्या नयाघाट तक चल रहे रामपथ निर्माण के चलते स्थानीय लोगों को आए दिन नए-नए संकट का सामना करना पड़ रहा है। मंगलवार देर शाम उदया चौराहे के निकट जेसीबी द्वारा नाला खोदाई के दौरान 33 लाइन की अंडरग्राउंड केबल चपेट में आ गई। दो स्थानों पर केबल कटने से चौक उपकेन्द्र से जुड़े कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। बुधवार सुबह से ठप हुई आपूर्ति दोपहर को अमानीगंज उपकेन्द्र से जोड़ कर चलाई गई।
चौक उपकेन्द्र के अवर अभियंता नरेश जायसवाल ने बताया कि नाला खोदाई कर रही जेसीबी ने उदया चौराहे पर 33 लाइन की केबल काट दी, जिसके चलते आगे की लाइन में फाल्ट आ गया। उन्होंने बताया कि फिलहाल अमानीगंज उप केंद्र से जोड़ कर कुछ क्षेत्रों में आपूर्ति बहाल कर दी गई है। शेष इलाकों में प्रयास किया जा रहा है। केबल कटने से चौक उपकेन्द्र से जुड़े रीडगंज फीडर, हैदरगंज फीडर, साहबगंज फीडर, अंगूरीबाग फीडर से जुड़े सभी मोहल्ले प्रभावित रहे। वहीं गुदड़ीबाजार के निकट मंगलवार रात नाला खोदाई के चलते मुख्य लाइन का तार टूट गया जिसके बाद लोगों को दोहरा संकट झेलना पड़ा। हालांकि दोपहर तक रीडगंज, हैदरगंज फीडर चालू कर दिए गए लेकिन शेष पर आपूर्ति बहाल नहीं हुई। अवर अभियंता के मुताबिक यदि अमानीगंज उप केंद्र पर लोड पड़ा तो वहां से आपूर्ति रोकनी पड़ सकती है।
ये भी पढ़ें -वाराणसी में ईंट लदी ट्रैक्टर-ट्राली ने बाइक में मारी टक्कर, एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत
