लखीमपुर-खीरी: एनआईए का मनी लांड्रिंग को लेकर जसनगर में सिख फार्मर के घर छापा, छह घंटे की पूछताछ
बैंक पासबुक, आधार और पैन कार्ड समेत कई दस्तावेज टीम ले गई साथ
लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार: भारत-नेपाल सीमा पर स्थित कोतवाली तिकुनियां के गांव जसनगर में बुधवार की तड़के भारी पुलिस बल के साथ पहुंची एनआईए की टीम ने एक सिख फार्मर के घर पर छापा मारा। टीम ने घर को चारों तरफ से घेर लिया। घर के अंदर सघन तलाशी ली। टीम ने बक्से, अलमारियों को खोलकर एक-एक चीज की गहराई से जांच की। इसके बाद सिख फार्मर से करीब छह घंटे तक पूछताछ की।
उनसे असलहों और विदेशी खातों में रुपये के लेनदेन के बारे में भी पूछताछ करती रही, उन्होंने किसी तरह का कोई असलहा होने से इंकार कर दिया। इसके बाद टीम वापस वापस लौट गई। राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) की टीम एएसपी के नेतृत्व में मंगलवार की शाम लखीमपुर पहुंची थी। एसपी गणेश प्रसाद साहा से मुलाकात करने के बाद टीम लखीमपुर शहर में रुकी।
एनआईए की टीम सुबह करीब पांच बजे भारी पुलिस बल के साथ कोतवाली तिकुनियां के गांव जसनगर निवासी गुरनाम सिंह के घर पहुंची। टीम ने पूरे घर को घेर लिया। टीम ने पूरे घर की सघन तलाशी ली। घर का कोना-कोना छान मारा। बक्से, अलमारियों को खोलकर उसमें रखी हर चीज की गहराई से जांच की। टीम ने गुरनाम सिंह से करीब छह घंटे तक पूछताछ की और बैंक पासबुक, आधार कार्ड, मोबाइल, सिम और पैन कार्ड समेत कई दस्तावेज अपने साथ लेकर लौट गई।
बताया जाता है कि एनआईए की ये छापेमारी विदेशी खातों में लेनदेन को लेकर थी। जसनगर निवासी गुरनाम सिंह के दो बेटे फिलीपींस में रहते हैं। बताया जाता है कि विदेशी खातों में लेनदेन हुआ है। इसको लेकर एनआईए ने उससे पूछताछ की। एनआईए की टीम किसान को अपने साथ नहीं ले गई है।
ये भी पढ़ें - लखीमपुर-खीरी: सात टीमें, तमाम तामझाम.. हाथ नहीं आए खाकी पर गोली चलाने वाले बदमाश
