Kannauj Theft News : चोरों की निकली बारात, एक ही रात में चार घरों से उड़ाया लाखों का माल
कन्नौज में चोरों ने चार घरों से उड़ाया लाखों का माल।
कन्नौज में चोरों ने एक ही रात में चार घरों से नगदी, जेवरात समेत लाखों का माल पार कर दिया। पुरुष खेत गए थे। सो रही महिलाओं को बेहोश कर घटना को अंजाम दिया। पीड़ितों ने पुलिस से शिकायत की।
कन्नौज, अमृत विचार। चोरों ने मंगलवार की रात ग्राम बटेला के तीन जबकि अकबरपुर के एक घर में चार घरों में धावा बोलकर लाखों की नगदी सहित जेवरात तथा सामान चोरी कर ले गए, जिससे लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ। पीड़ितों ने अज्ञात चोरों के खिलाफ पुलिस से शिकायत की है।
चौकी सिकंदरपुर के ग्राम अकबरपुर निवासी रमेशचंद्र दुबे पुत्र स्व. हरिभजन दुबे ने बताया कि मंगलवार की रात में किसी समय घर में घुसे चोरों ने कमरे में रखी सेफ व बक्से को तोड़कर एक सोने का हार, सोने की माला, एक जोड़ी सोने के कुंडल, एक जोड़ी सोने के झाले, एक जोड़ी चांदी की पायल, एक जोड़ी चांदी की तोड़िया तथा 10 हजार रुपये की नगदी चोरी कर ली और फरार हो गए। सुबह कमरे में सामान बिखरा देख घटना की जानकारी हुई।
वहीं ग्राम बटेला निवासी गोरेलाल पुत्र रामचंद्र के घर में घुसे चोरों ने एक सोने की चेन, एक मंगलसूत्र, एक अंगूठी, एक जोड़ी तोड़ियां सहित 20 हजार रुपये की नगदी चोरी कर ली। इसके बाद इन्हीं के भाई पिंटू के घर में घुसे चोरों ने एक मंगलसूत्र, कान के झाले, एक कंधनी, एक जंजीर, बच्चे के खड़ुए और 40 हजार रुपये की नगदी चोरी कर ली और फरार हो गए।
इनके अलावा गांव के ही बृजेश पुत्र सुरेंद्र सिंह ने बताया कि उनके घर में घुसे चोरों ने लगभग डेढ़ लाख के जेवर सहित 90 हजार रुपये की नगदी चोरी कर ले गए। ग्राम बटेला निवासी पीड़ितों का कहना है कि बीती रात यह सभी अपने खेतों में पानी लगाने के लिए गए थे। घर में अकेले सो रही महिलाओं को चोरों ने कुछ सुंघा कर बेहोश कर दिया और घटना को अंजाम देकर बड़े आराम से घर से निकल गए। वहीं एक गांव में 3 घटनाएं होने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है। पीड़ितों ने मामले की शिकायत पुलिस से की है।
