VIDEO: पुलिस की जीप पर बैठकर अपराधियों ने बनाई रील, खाकी को दिया चैलेंज, सोशल मीडिया पर यूजर इस तरह के कर रहे कमेंट
कानपुर में अपराधियों ने पुलिस की जीप पर बैठकर रील बनाई।
कानपुर कमिश्नरेट पुलिस को खुला चैलेंज देकर अपराधियों ने पुलिस की जीप पर बैठकर खुलेआम रील बनाई। हालांकि सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने अपराधियों की तलाश में ताबड़तोड़ दबिश देना शुरू की।
कानपुर, अमृत विचार। बिकरू कांड समेत तमाम ऐसे मामले सामने आने के बाद भी पुलिस और अपराधियों का याराना कम नहीं हो रहा है। बजरिया थाने की पुलिस जीप की बोनट पर बैठकर अपराधियों ने न सिर्फ रील बनाई। बकायदा जीप में बैठकर गाने भी गाते नजर आए। वीडियो बनाने वालों में कानपुर हिंसा के आरोपी मोहम्मद आसिफ उर्फ कल्लू का भाई मोहम्म फैजल और उसका एक साथी है। अमृत विचार डॉट कॉम ऐसे किसी भी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले में जांच शुरू की।
कानपुर: अपराधियों ने बजरिया थाने की जीप में बैठकर बनाई रील।@Uppolice @kanpurnagarpol @AmritVichar pic.twitter.com/85UZJfUmDm
— Amrit Vichar (@AmritVichar) May 19, 2023
जानकारी के मुताबिक, अपराधियों ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद ही सोशल मीडिया पर यूजर अलग-अलग कमेंट कर रहे। उधर, वीडियो वायरल कर अपराधियों ने खाकी को भी खुला चैलेंज दिया। वीडियो वायरल होते ही बैकफुट में कानपुर कमिश्नरेट पुलिस आई। हालांकि अपनी बात रखते हुए पुलिस ने बताया कि गाड़ी को गैराज में मरम्मत के लिए दिया गया था। मरम्मत के दौरान ही अपराधियों ने वीडियो बनाकर वायरल किया है।
उधर, बजरिया पुलिस ने एक अपराधी की पहचान मोहम्मद फैसल के रूप में की। हालांकि वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने दोनों अपराधियों के घरों में दबिश दी। लेकिन पुलिस के दबिश देने से पहले ही दोनों फरार हो गए। पुलिस का कहना है कि अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही दोनों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
