बरेली: हजियापुर में चली जेसीबी, सालों पुराना अतिक्रमण ध्वस्त
बरेली, अमृत विचार। शहर में जगह-जगह अतिक्रमण करने वालों पर नगर निगम ने शिकंजा कस दिया है। मंगलवार को मढ़ीनाथ चौकी के पास और बुधवार को हजियापुर में जेसीबी से सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटवाया। नगर निगम की इस जमीन पर कई सालों से अतिक्रमण कर झोपड़ी डाल रखी थी। लगातार नोटिस के बाद भी …
बरेली, अमृत विचार। शहर में जगह-जगह अतिक्रमण करने वालों पर नगर निगम ने शिकंजा कस दिया है। मंगलवार को मढ़ीनाथ चौकी के पास और बुधवार को हजियापुर में जेसीबी से सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटवाया। नगर निगम की इस जमीन पर कई सालों से अतिक्रमण कर झोपड़ी डाल रखी थी। लगातार नोटिस के बाद भी जब लोग नहीं माने तो अंतिम नोटिस के बाद निर्धारित तिथि पर यह कार्रवाई की गई है।
अफसरों के मुताबिक, हजियापुर में नगर निगम की पुराना स्लाटर हाउस की भूमि पर कुछ लोगों ने अतिक्रमण कर कब्जा कर रखा था। इनमें कई ने दुकान तो कुछ लोग झोपड़ी डालकर लंबे समय से रह रहे थे। इसकी आड़ में आसपास की कुछ जगह पर भी कब्जे की कोशिश की फिराक में थे।
नगर निगम प्रशासन की तरफ से जमीन खाली कराने को लेकर कई बार कब्जेदारों को नोटिस भेजे गए, लेकिन जमीन खाली नहीं हो सकी। मामला संज्ञान में आने पर संयुक्त नगर आयुक्त अजीत कुमार सिंह ने इसको लेकर अंतिम चेतावनी नोटिस भेजा। बुधवार को हंगामा की आशंका पर बारादरी पुलिस के साथ नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और अवैध अतिक्रमण को ध्वस्त करने को कार्रवाई की। वहां मौजूद कुछ लोगों ने इसका विरोध भी किया लेकिन अफसरों के सख्त रुख ने जेसीबी को रुकने नहीं दिया।
अफसरों ने जमीन कब्जा मुक्त कराने के बाद चेतावनी बोर्ड लगवा दिया। करीब आधा घंटे तक चली कार्रवाई से हड़कंप की स्थिति रही। इसके साथ ही कब्जेदारों को चेतावनी दी कि अगर दोबारा अतिक्रमण करने की कोशिश की तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। संयुक्त नगर आयुक्त अजीत कुमार सिंह ने कहा कि निगम की जमीन पर जिन लोगों ने मकान, दुकान बना रखे हैं या फिर खाली जमीन पर अवैध तरीके से कब्जा कर रखा है। उन्हें नोटिस जारी कर कार्रवाई की जा रही है।
