मुरादाबाद: दिनभर में 23 सेंटीमीटर उतरी रामगंगा, खेतों में भरा है पानी
मुरादाबाद, अमृत विचार। तीन चक्र की गिरावट के बाद बुधवार को कटघर में रामगंगा का जलस्तर 190.23 मीटर पर पहुंच गया। दो दिन के भीतर मुरादाबाद में रामगंगा तेइस सेंटीमीटर घटी है जबकि मंडल की अन्य नदियों और बैराजों में पानी छोड़े जाने का क्रम थमा नहीं है। गंगा सहित अन्य नदियों में पानी छूटने …
मुरादाबाद, अमृत विचार। तीन चक्र की गिरावट के बाद बुधवार को कटघर में रामगंगा का जलस्तर 190.23 मीटर पर पहुंच गया। दो दिन के भीतर मुरादाबाद में रामगंगा तेइस सेंटीमीटर घटी है जबकि मंडल की अन्य नदियों और बैराजों में पानी छोड़े जाने का क्रम थमा नहीं है। गंगा सहित अन्य नदियों में पानी छूटने की सूचना से किसानों की चिंता बढ़ी है। प्रशासन का दावा है कि अब नदी धीरे-धीरे नीचे उतर जाएगी।
उधर, मुरादाबाद-ठाकुरद्वारा स्टेट हाइर्व से पानी खेतों में उतर गया है। दूसरे दिन मुरादाबाद में रामगंगा के जल स्तर में गिरावट से सिंचाई विभाग और आपदा प्रबंधन के सदस्यों ने राहत की सांस ली है। किसानों के मन से बाढ़ का डर नहीं जा रहा है। खेतों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं।
नदी में पानी कम होने से शहर के दसवां घाट, जिगर कालोनी, जामा मस्जिद, वारसी नगर और कटघर इलाके के लोगों का तनाव कम हुआ है। दोपहर बाद शहर के जामा मस्जिद, वारसी नगर, लालबाग और नया गांव के लोगों ने नदी किनारे पानी के दबाव को लेकर विभाग को विस्तार से जानकारी दी। हल्का लेखपाल और नगर निगम की टीम ने कंट्रोल रूम को नदी के हाल की जानकारी दी।
मंडल की नदियों का जल स्तर (मीटर में)
नदी बुधवार मंगलवार सोमवार रविवार शनिवार डेंजर लेबल
रामगंगा 190.23 190.40 190.45 190.30 190.25 190.60
गंगा ब्रजघाट 198.15 198.20 198.35 198.40 198.45 199.34
गंगा तिघरी 199.90 199.90 200.00 200.15 200.25 202.00
कालागढ़ 356.360 356.300 356.300 356.200 356.00 365.366
खो-बैराज 224.00 224.15 224.35 224.55 224.65 227.300
नदियों में छोड़ा गया पानी (क्यूसेक में)
गंगा हरिद्वार 91072
मध्य गंगा बिजनौर 90837
कोसी 1938
नरौरा बैराज 76575
कालागढ़ 6011
हरेवली 6200
खो बैराज 7753
लालपुर बैराज 10267
फीका बैराज 20
ढेला नदी 20
जलभराव वाले गांवों में दुर्गंध ने लोगों का किया जीना दुश्वार
बारिश और नदियों के पानी कम होने के बाद गांवों में दुर्गंध ने जीना दुश्वार कर दिया है। ठाकुरद्वारा मार्ग के दोनों ओर मछली पकड़ने वालों ने इस और परेशानी खड़ी कर दी है। घास और फसल के सड़ने के बीच जलीय जीवों के मरने के बाद गांवों का हाल खराब हो गया है। उधर, रामगंगा और ढेला नदी के जल स्तर में गिरावट से प्रशासन खुश है लेकिन, किसानों के चेहरे पर तनाव बना हुआ है। मुरादाबाद- ठाकुरद्वारा रोड से नदी का पानी तो उतर गया। इसके बाद भी खेतों में पानी भरा हुआ है। सलेमसराय के ग्राम प्रधान निरंकार सिंह का कहना है कि अब गावों में रोग के पसरने का खतरा बढ़ गया है। सलेमसराय, इस्लामनगर, मुस्तापुर, डूंगरपुर, चटकाली, काजीपुरा, खैया खद्दर, सेहाली खद्दर, काफियाबाद, मुडिया मोउद्दीपुर और सलेमसराय के किसान धान की फसल गंवा चुके हैं। गंदगी और जल भराव की वजह से लोगों का सांस लेना दुष्कर हो गया है।
