प्रयागराज : शपथ ग्रहण से पहले ही नवनिर्वाचित महापौर को लगा सरकारी गाड़ी का शौक
प्रयागराज ,अमृत विचार। नवनिर्वाचित महापौर गणेश केसरवानी ने शपथ ग्रहण से पहले ही महापौर की सरकारी गाड़ी को स्वीकार कर नगर निगम की परंपरा को तोड़ दिया है।
आपको बता दें कि 13 मई को हुई मतगणना के बाद प्रयागराज के महापौर के पद पर गणेश केसरवानी ने रिकॉर्ड मतों से जीत दर्ज की थी। प्रयागराज नगर निगम का शपथ ग्रहण समारोह की अभी तारीख का ऐलान नहीं हुआ है लेकिन नगर निगम के अधिकारियों ने चुनाव परिणाम के दूसरे दिन ही महापौर के लिए आरक्षित कार को नवनिर्वाचित महापौर गणेश केसरवानी के घर पहुंचा दिया था ।
जबकि सरकारी सभी सुविधाएं शपथ ग्रहण समारोह के बाद ही प्राप्त होती है चाहे वह महापौर हो या फिर कोई मंत्री लेकिन नवनिर्वाचित महापौर ने पहले यह सरकारी गाड़ी का इस्तेमाल कर इस परंपरा को तोड़ दिया है इस बारे में जब महापौर गणेश केसरवानी से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि हमने गाड़ी नहीं मांगी थी, नगर निगम के अधिकारियों ने शिष्टाचार व सम्मान में भेज दिया तो हमने स्वीकार कर लिया, हालांकि महापौर तो चुने ही गए हैं।” नगर आयुक्त चंद्र मोहन गर्ग ने यह कहते हुए किनारा कर लिया कि उन्हें इस नियम के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं है। पता करके बताते हैं।
चल रहीं तैयारियां
नगर निगम के नव निर्वाचित महापौर और पार्षदों के शपथ ग्रहण समारोह की तिथि अभी शासन से घोषित नहीं की गई है। लेकिन इसकी तैयारी शुरू कर दी गई है। हालांकि चर्चा में आगामी 21 मई की तारीख बताई जा रही है, लेकिन अभी इसकी अधिकृत पुष्टि नहीं हुई है। वहीं निगम का पूरा अमला निगम को नई सूरत देने में जुटा हुआ है। सबसे ज्यादा ध्यान महापौर के कक्ष पर है। वहीं नगर आयुक्त चन्द्र मोहन गर्ग ने बताया कि सफाई और दुरुस्तीकरण का काम चल रहा है। मिनी सदन नई कैबिनेट की व्यवस्थाओं को पूरा किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अभी इस शासन से शपथ ग्रहण समारोह की तिथि नहीं आई हैै। शीघ्र ही सभी व्यवस्थाएं पूरी कर लीं जाएंगी।
ये भी पढ़ें -प्रयागराज : फाफामऊ घाट पर स्नान करने गए दो छात्र गंगा में डूबे
