शाहजहांपुर: भट्ठे पर मजदूर को डंडे से पीटकर मार डाला, ईंट पाथने पर लेकर हुआ था विवाद
शाहजहांपुर, अमृत विचार। भट्ठे पर ईंट पाथने को लेकर विवाद हो गया था। एक मजदूर ने अपनी पत्नी के साथ दूसरे मजदूर को डंडे से पीटकर घायल कर दिया। घायल मजदूर को जिला अस्पताल लाया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक परिवार के साथ भट्टे पर रहता था।
लखीमपुर खीरी जिले के मोहम्मदी थाना के गांव वौधी कला निवासी 27 वर्षीय शिव कुमार पुत्र लेखराज थाना पसगवां क्षेत्र में ईंट भट्ठा पर ईंट थापने का कार्य करता था। वह परिवार के साथ भट्टे पर रहता था। उसके गांव का ही विद्या सागर भी भट्ठे पर मजदूरी करता है और परिवार के साथ वह भी रहता है।
शुक्रवार को दिन में भट्ठे पर ईंट पाथने को लेकर शिव कुमार का विद्या सागर से विवाद हो गया। शिव कुमार ने ईंट पाथने के लिए मिट्टी रखी थी और आरोपी विद्या सागर उसकी मिट्टी का ढेर उठाकर ले गया था। इस बात को लेकर दोनों मजदूरों में विवाद हो गया था। बताते है कि रात आठ बजे आरोपी विद्या सागर शराब के नशे में उसकी मड़ैया के पास गया और गाली देने लगा। गाली का विरोध करने पर फिर झगड़ा हो गया।
आरोप है कि विद्या सागर व उसकी पत्नी ने शिव कुमार को डंडे से पीटकर घायल कर दिया। घटना के बाद आरोपी भाग गया। परिवार वाले घायल को लेकर यहां के जिला अस्पताल में लेकर आए। जहां इलाज के दौरान दोपहर 12 बजे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर: माइक्रोवेव पाकर खुशी से उछलते संजय, बोले- मेरे बच्चे लकी
