सहारनपुर में 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश पुलिस की गोली से घायल, गिरफ्तार
सहारनपुर। सहारनपुर जिले में रविवार तड़के थाना सरसावा पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश पुलिस की गोली से घायल हो गया जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने यह जानकारी देते हुए बताया कि उसका साथी भागने में सफल रहा।
पुलिस ने रविवार को बताया कि घायल बदमाश को गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।सहारनपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) विपिन टाडा ने बताया कि रविवार तड़के सरसावा पुलिस ग्राम झरौली के निकट चेकिंग कर रही थी तभी हरियाणा की ओर से एक बाइक पर सवार होकर आ रहे दो युवकों को पुलिस ने रुकने का इशारा किया।
टाडा ने कहा कि इस पर युवकों ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर गोलीबारी शरू कर दी, जिसके कारण थाना सरसावा पुलिस ने भी जवाबी गोलीबारी की जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लगी। उन्होंने कहा कि बदमाश का दूसरा साथी भागने में सफल रहा। टाडा ने बताया कि पैर में गोली लगने से घायल बदमाश की पहचान हरियाणा के यमुनानगर निवासी अली हसन के रूप में हुई है और उस पर 50 हजार रुपये का इनाम था। पुलिस फरार बदमाश की तलाश कर रही है।
टाडा ने बताया कि गिरफ्तार बदमाश के पास से एक तमंचा 315 बोर, चार गोली और एक मोटरसाइकिल बरामद हुई है। पकड़े गये बदमाश पर लूट और कई गंभीर अपराधों में प्राथमिकी दर्ज है और वह ठिकाना बदलकर उप्र और हरियाणा समेत विभिन्न क्षेत्रों में अपराध करता है।
यह भी पढ़ें:-हरदोई: सांपों ने डसा तो उन्हें डिब्बे में बंद कर सीएचसी पहुंचा बुजुर्ग, देखने वालों की लगी भीड़, जानें फिर क्या हुआ
