बहराइच : खेत गए किसान को मगरमच्छ ने बनाया निवाला, 24 घंटे बाद मिला शव, कल से था लापता..

Amrit Vichar Network
Published By Pradumn Upadhyay
On

अमृत विचार, बहराइच । कैसरगंज रेंज के ग्राम भौंरी निवासी किसान को मगरमच्छ ने निवाला बना लिया। रविवार शाम को किसान का अधखाया शव नदी से बरामद हुआ है। जानकारी मिलते ही परिवार के लोग रोते बिलखते मौके पर पहुंचे। पुलिस ने क्षत विक्षत शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

बहराइच वन प्रभाग के कैसरगंज वन रेंज अंतर्गत ग्राम भौंरी निवासी रामतेज (42) पुत्र लल्ली शनिवार को खेत के लिए घर से निकला था। देर रात तक किसान घर नहीं पहुंचा। इस पर परिवार के लोगों ने खोजबीन शुरू की, खोजबीन करते हुए सुबह हो गई, लेकिन किसान का पता नहीं चला। रविवार को शाम चार बजे के आसपास घाघरा नदी के कछार से बहने वाली भौंरी नदी में चरवाहों ने एक शव देखा, शव को मगरमच्छ खा रहे थे। चरवाहों ने लाठी मारकर मगरमच्छों को दूर खदेड़ा। इसके बाद शव को नदी से बाहर निकाला। शव को मगरमच्छ खा चुके थे आधा ही सिरा शेष बचा था। घटना की जानकारी लोगों ने परिवार को दी। परिवार के लोग मौके पर रोते बिलखते पहुंचे। बौंडी थाने के प्रभारी थानाध्यक्ष अनिल कुमार यादव, वन दरोगा जुबेर खान समेत अन्य मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वन दरोगा ने बताया कि मगरमच्छ के हमले में किसान की मौत हुई है इसकी जानकारी प्रभागीय वन अधिकारी को दी गई है।

55375575

मगरमच्छ के हमले में किसान की मौत पर काफी संख्या में लोग नदी के तट पर पहुंच गए। नदी में लोगों ने मगरमच्छ और घड़ियाल को चहल कदमी करते देखा, इससे लोग डर गए। सभी ने इन्हें पकड़कर दूर नदी में छोड़े जाने की मांग की।

बौंडी थाना क्षेत्र के भौंरी गांव में मगरमच्छ के हमले में किसान के मौत की सूचना मिली है। मौके पर वन क्षेत्राधिकारी को भेजा गया है, वह स्वयं जा रहे हैं। गांव के नजदीक नदी में मगरमच्छ और घड़ियाल के टहलने की सूचना मिली है उन्हें पकड़ने के लिए सोमवार से अभियान चलाया जाएगा।

ये भी पढ़ें - बस्ती : सुभाष चंद्र चौबे अध्यक्ष, संतोष कुमार शुक्ल मंत्री निर्वाचित

संबंधित समाचार