Jalaun Accident: ईंटों से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलटी मजदूर की मौत, साथी मजदूर घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

जालौन में ईंटों से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलटी मजदूर की मौत।

जालौन में ईंटों से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलटी मजदूर की मौत हो गई। साथ में बैठा मजदूर घायल हो गया।

जालौन, अमृत विचार। रेंढ़र थाना क्षेत्र में नावली से नदीगांव मार्ग पर क्षमता से अधिक ईंटा लादकर जा रही ट्रैक्टर ट्राली अनियंत्रित होकर पलट गई। इसमें दो मजदूर ट्राली के नीचे दब गए। घायलों को आसपास के लोगों ने बाहर निकाला और उन्हें अस्पताल भेजा। जहां अस्पताल में डाक्टरों ने एक को मृत घोषित कर दिया। 

जानकारी के मुताबिक इटावा के थाना चकरनगर निवासी मोहित ट्रैक्टर में ईंटा लादकर रविवार को माधौगढ़ पहुंचे थे। यहां पर उन्होंने मालवीय नगर निवासी देवीदीन वर्मा 51 वर्ष व इन्द्रानगर निवासी प्रदीप 22 वर्ष को नदीगांव में ईंटा उतारने के लिए साथ ले लिया। दोनों मजदूर चालक के साथ नदीगांव ईंट उतारने जा रहे थे। उनका ट्रैक्टर रेढ़र थाना क्षेत्र के नावली से नदीगांव रोड पर पहुंचा ही था कि वहां पर एक गहरे गड्डें के चक्कर में चालक का नियंत्रण ट्रेक्टर से हट गया और वहीं पलट गया।

दोनों मजदूरों दब गए। वहां पर चीख-पुकार मच गई। लोगों की चीख सुनकर आसपास के लोग वहां दौड़े दौड़े पहुंचे। ग्रामीणों ने घायल मजदूरों को बाहर निकाला और फौरन सीएचसी नदीगांव पहुंचाया। डॉक्टर ने देवीदीन वर्मा (51) को मृत घोषित कर दिया। वहीं प्रदीप का इलाज चल रहा है। रेंढर एसओ वरूण कुमार सिंह का कहना है कि ओवरलोड के चलते ट्रैक्टर पलट गया है। ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है।

संबंधित समाचार